SSC CGL 2022, SSC CGL Exam 2022: कर्मचारी चयन (SSC) ने कंबाइंड ग्रैजुएट लेवल (CGL) परीक्षा के लिए आवेदन मांगे हैं। योग्य अभ्यर्थी एसएससी सीजीएल एग्जाम 2022 के लिए आयोग की वेबसाइट ssc.nic.in पर 8 अक्टूबर 2022 तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू की गई थी। हाल ही में आयोग ने एक नोटिस भी जारी किया था, जिसमें अभ्यर्थियों को आखिरी तारीख से पहले आवेदन करने की सलाह दी गई थी। साथ ही यह भी बताया गया था कि तय समय के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन करने की अनुमति नहीं होगी।
एसएससी सीजीएल एग्जाम के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर, असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, असिस्टेंट, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और रिसर्च असिस्टेंट सहित लगभग 20,000 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में बैचलर्स डिग्री होनी चाहिए। साथ ही आयु 18 साल से 32 साल के बीच होनी चाहिए।
एसएससी सीजीएल के तहत अभ्यर्थियों का चयन दो चरणों की परीक्षा में किया जाएगा। एसएससी सीजीएल टियर-1 परीक्षा दिसंबर 2022 में आयोजित किए जाने की संभावना है। टियर-1 परीक्षा में अभ्यर्थियों से 200 अंकों के 100 सवाल पूछे जाएंगे। इन सवालों को हल करने के लिए 1 घंटे का समय मिलेगा और प्रत्येक गलत जवाब के लिए 0.50 अंको की नेगेटिव मार्किंग भी की जाएगी। टीयर 1 परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही टियर 2 परीक्षा में शामिल होने के योग होंगे। इस परीक्षा की तारीख भी तय समय के अंदर सूचित कर दी जाएगी।
How to apply online for SSC CGL Examination 2022
- अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर जाएं।
- सबसे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें और फिर होम पेज पर 'Apply' सेक्शन में जाएं।
- यहां सीजीएल एग्जाम 2022 के एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें।
- अब आपके सामने एक नया पेज खुल जाएगा। यहां मांगी गई सभी आवश्यक जानकारी दर्ज करें और सबमिट बटन पर क्लिक कर दें।
- इसके बाद सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और फिर परीक्षा के लिए निर्धारित शुल्क जमा करें।
- अभ्यर्थी एसएससी सीजीएल एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करके प्रिंट आउट भी निकाल सकते हैं।
एसएससी सीजीएल एग्जाम के लिए सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को 100 रुपए आवेदन शुल्क जमा करना होगा। ध्यान रहे ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन चेक कर सकते हैं।
