RSSB releases answer key for Lab Assistant recruitment exam: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने प्रयोगशाला सहायक और कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा 2026 की प्रारंभिक उत्तर कुंजी (Answer Key) जारी कर दी है। बोर्ड ने 9 मई को आयोजित प्रयोगशाला सहायक (भूगोल) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 तथा 10 मई को आयोजित प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक (विज्ञान) संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 के मास्टर प्रश्न पत्र और प्रारंभिक उत्तर कुंजियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी हैं।
कब तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का लिंक 16 जून 2026 को रात 12:01 बजे सक्रिय किया गया है। अभ्यर्थी 18 जून 2026 की रात 11:59 बजे तक अपनी आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। वहीं, जिन उम्मीदवारों ने ऑफलाइन माध्यम से आवेदन किया था, उनके लिए ऑफलाइन आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ऐसे अभ्यर्थी 16 जून सुबह 10 बजे से 19 जून शाम 6 बजे तक अपनी आपत्तियां जमा कर सकते हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को अलग-अलग सेट के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए गए थे। वेबसाइट पर अपलोड किए गए मास्टर प्रश्न पत्र में सभी सेटों के प्रश्न शामिल हैं, लेकिन प्रश्नों की क्रम संख्या और उत्तर विकल्पों का क्रम उम्मीदवारों के प्रश्न पत्र से अलग हो सकता है।
इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी आपत्तियां दर्ज करते समय केवल बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध मास्टर प्रश्न पत्र में दिए गए प्रश्न क्रमांक और उत्तर विकल्पों के आधार पर ही दावा प्रस्तुत करें। गलत प्रश्न संख्या या विकल्प क्रम के आधार पर दर्ज की गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
वेबसाइट पर बनाए रखें नजर
अधिक जानकारी और आंसर-की देखने के लिए अभ्यर्थी RSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं। बोर्ड सचिव ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को किसी प्रश्न या उसके उत्तर को लेकर आपत्ति है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
