एजुकेशन

RPSC जल्द जारी करेगा एईएन एवं प्राध्यापक भर्ती की परिणाम, चेयरमैन ने बैठक में दिए निर्देश

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने विभिन्न लंबित भर्तियों की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को अधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई।

Image

आरपीएससीः- परीक्षा आयोजन व समयबद्ध परिणामों के संबंध में बैठक आयोजित

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने विभिन्न लंबित भर्तियों की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को अधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी 15 दिवस की विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन किया गया। आयोग अध्यक्ष ने समयबद्ध परिणाम जारी करने को लेकर पूरी तरह संवेदनशील एवं समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त साक्षात्कार की तिथियां तय करने और आगामी परीक्षाओं के सुरक्षित एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

अध्यक्ष ने बताया कि अभ्यर्थियों का समय किसी भी अनावश्यक देरी के कारण खराब नहीं होना चाहिए। आयोग अभ्यर्थियों के समय एवं समयबद्ध परिणाम को लेकर गंभीरता से कार्य कर रहा है। बैठक में असिस्टेंट इंजीनियर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा- 2024 को लेकर विशेष चर्चा हुई। आयोग अध्यक्ष ने संबंधित अनुभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस परीक्षा का परिणाम अगले 15 कार्यदिवसों के भीतर जारी कर दिया जाए। गौरतलब है, कि इस भर्ती के तहत प्रारंभिक परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा का आयोजन इसी वर्ष 22 और 23 मार्च को किया गया था।

प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) भर्ती-2025

प्रदेश के शिक्षा विभाग को जल्द नए शिक्षक मिल सकें, इसके लिए प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) भर्ती-2025 के परिणामों को लेकर भी तेजी दिखाई जा रही है। आयोग द्वारा अब तक 12 विषयों के परिणाम सफलतापूर्वक घोषित किए जा चुके हैं। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, कि शेष बचे 16 विषयों के परिणाम भी आगामी 15 कार्यदिवसों के भीतर जारी करने का प्राथमिकता से प्रयास किया जाए, ताकि यह भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

एसआई (टेलीकॉम) भर्ती-2024

सब इंस्पेक्टर (टेलीकॉम) भर्ती प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है। इस भर्ती के साक्षात्कार आगामी 19 अगस्त को संपन्न होने जा रहे हैं। श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि साक्षात्कार समाप्त होने वाले दिन ही अंतिम परिणाम जारी करने की सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पहले से ही मुकम्मल कर ली जाएं ताकि अभ्यर्थियों को अतिरिक्त इंतजार न करना पड़े।

एसआई भर्ती-2025

एसआई भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) को लेकर आयोग को अब महानिदेशक पुलिस, राजस्थान की ओर से रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। आयोग ने अपनी ओर से साक्षात्कार की रूपरेखा तैयार कर ली है। बैठक में यह तय किया गया है, कि पुलिस मुख्यालय से जैसे ही शारीरिक दक्षता परीक्षा की रिपोर्ट प्राप्त होती है, उसके ठीक 21 कार्यदिवसों के भीतर सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार प्रारंभ कर दिए जाएंगे।

एसआई-2021 पुनः परीक्षा

आगामी 20 सितंबर 2026 को प्रस्तावित एसआई भर्ती-2021 की पुनः परीक्षा के आयोजन को लेकर भी बैठक में गहन मंथन किया गया। परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग अध्यक्ष ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। परीक्षा के सफल आयोजन और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमे के साथ निरंतर एवं मजबूत समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article