RPMC Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज 30 जून को आयोजित RPMC परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हो गया। प्रभा देवी मेमोरियल परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कई छात्रों को प्रश्न-पत्र समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। सोशल मीडिया पर सामने आए दावों के अनुसार, परीक्षा केंद्र के ग्राउंड फ्लोर पर बैठे परीक्षार्थियों को निर्धारित समय पर प्रश्न-पत्र मिल गए और उन्होंने परीक्षा शुरू कर दी। वहीं, दूसरी और तीसरी मंजिल पर बैठे कई छात्रों का कहना है कि बार-बार मांगने के बावजूद उन्हें प्रश्न-पत्र काफी देर से बाटे गए।
इस देरी को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें चल रही हैं, कुछ पोस्ट में पेपर लीक की आशंका जताई गई है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परीक्षा केंद्र में छात्रों का विरोध
प्रश्न-पत्र वितरण में कथित देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के भीतर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि प्रश्न-पत्र वितरण की प्रक्रिया सभी उम्मीदवारों के लिए एक जैसी नहीं थी। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि केंद्र के कुछ हिस्सों में छात्रों को टेंट के नीचे परीक्षा देनी पड़ी। हालांकि, इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तोड़फोड़ और अफरा-तफरी की खबरें
स्थिति बिगड़ने के बाद परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में परीक्षा केंद्र के परिसर में प्रश्न-पत्र बिखरे हुए देखे गए, प्लास्टिक की कुर्सियां उलटी पड़ी हुई थी और बड़ी संख्या में छात्र बालकनी, सीढ़ियों तथा कॉरिडोर में मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
कुछ वीडियो में अभ्यर्थी वहां मौजूद अधिकारियों से बहस करते हुए भी नजर आ रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर यह भी आरोप लगाए गए कि केंद्र में तोड़फोड़ की गई। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: यूरोप से करना है AI कोर्स, तो इस देश में करें प्लान, हाई क्लालिटी एजुकेशन के लिए है मशहूर
