बिजनेस

बिहार की बदलेगी तस्वीर! ऊर्जा क्षेत्र में होगा 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश

Bihar Energy Investment: बिहार में बिजली उत्पादन और ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए निवेश किया जाएगा। राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

Image

बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में 1.72 लाख करोड़ रुपये का होगा निवेश (Photo: X Handle/@samrat4bjp)

Bihar Energy Investment: बिहार में बिजली उत्पादन और ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर निवेश की तैयारी की जा रही है। राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके तहत बांका और सिवान में दो न्यूक्लियर पावर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। वहीं, नवादा, जमुई और औरंगाबाद में चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। इन छह परियोजनाओं के लिए कुल 1,72,885 करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं।

न्यूज एजेंसी भाषा (पीटीआई) की एक लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी जानकारी दी। यह कार्यक्रम बिहार बिजनेस कनेक्ट-2026 के तहत आयोजित किया गया था। इसमें उद्यमियों और निवेशकों के साथ संवाद किया गया और ऊर्जा क्षेत्र की छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

2030 तक 24 घंटे मिलेगी बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए परमाणु ऊर्जा और पंप्ड स्टोरेज जलविद्युत परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक राज्य के उद्योगों को 24 घंटे सस्ती, अच्छी गुणवत्ता वाली और बिना रुकावट बिजली उपलब्ध करवाई जाए। इन परियोजनाओं से राज्य में बिजली उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ अतिरिक्त बिजली को स्टोर करने की क्षमता भी विकसित होगी। इससे औद्योगिक इकाइयों को फायदा मिलेगा और नए उद्योग लगाने के लिए निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा।

1.92 करोड़ परिवारों को मिल रही मुफ्त बिजली

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार सरकार राज्य के करीब 1.92 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवा रही है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और दूसरी सौर ऊर्जा योजनाओं के जरिए लोगों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सोलर पैनल लगाने से परिवारों का बिजली बिल कम हो सकता है। साथ ही, जरूरत से ज्यादा बिजली बनने पर उसे बेचकर अतिरिक्त कमाई भी की जा सकती है।

रोजगार और उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने निवेशकों से 'बिल्ड एंड बिलीव इन बिहार' के मंत्र के साथ राज्य में निवेश करने की अपील की। उन्होंने सुरक्षित निवेश का भरोसा भी दिलाया। कार्यक्रम में ऊर्जा सचिव और बीएसपीएचसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजय यादव ने कहा कि इन छह परियोजनाओं से बिहार की बिजली उत्पादन और भंडारण व्यवस्था मजबूत होगी। इससे आने वाले वर्षों में बिजली की जरूरतें पूरी करने, नए उद्योग स्थापित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article