Republic Day 2026 Speech: हर उम्र के स्कूली बच्चों के लिए छोटे पर दमदार गणतंत्र दिवस भाषण, 2 मिनट में जीतें सबका दिल
- Authored by: varsha kushwaha
- Updated Jan 24, 2026, 05:36 PM IST
Republic Day 2026 Speech in Hindi: इस साल भारत अपना 77 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता होती है। अगर आप भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं तो आइए आपके साथ कुछ शॉर्ट भाषण आईडिया शेयर करें।
गणतंत्र दिवस भाषण 2026
Republic Day 2026 Speech in Hindi: 26 जनवरी का दिन केवल कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक भी है। 15 अगस्त 1947 को भारत को स्वतंत्रता तो मिली, लेकिन 26 जनवरी 1950 वह ऐतिहासिक दिन बना जब भारत सही मायने में भारत 'गणतंत्र' बना। जी हां, यह वही दिन है जब देश को अपना संविधान मिला, जिसने न केवल शासन व्यवस्था तय की, बल्कि हर नागरिक को उसके मौलिक अधिकार, कर्तव्य और कानून की सुरक्षा भी प्रदान की।
संविधान का निर्माण किसी कुछ दिनों और महीनों में नहीं किया गया है, बल्कि इसे तैयार करने में 2 साल, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। देश के महान लोगों और दिग्गजों ने मिलकर एक ऐसा दस्तावेज को तैयार किया, जिसने विविधताओं से भरे भारत को एकता के सूत्र में पिरोया। इस संविधान का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि धर्म, जाति, लिंग या रंग के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो। जिस प्रकार आजादी की लड़ाई में हर वर्ग के लोगों ने कंधे से कंधा मिलाकर लड़ा था, उसी समानता और सम्मान को संविधान ने कानूनी तौर पर मान्यता दी।
इतना ही नहीं, गणतंत्र दिवस हमें उन अमर शहीदों की भी याद दिलाता है, जिन्होंने भारत को एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र बनाने के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया। 26 जनवरी पर हर साल दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया जाता है, जहां भारतीय सेना अपनी अदम्य सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करती है। साथ ही, विभिन्न राज्यों की झांकियां भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की झलक पेश करती हैं। गणतंत्र दिवस देश के स्कूलों और कॉलेजों में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती है, जिसमें हर क्लास के छात्र हिस्सा लेते हैं। यदि आप भी इस वर्ष 77वें गणतंत्र दिवस पर एक प्रभावशाली और दमदार भाषण देना चाहते हैं, तो आगे दिए गए 2 मिनट के शॉर्ट भाषण आईडिया (Speech Ideas) आपके लिए बेहद मददगार साबित होंगे।
नर्सरी से 2 क्लास के लिए गणतंत्र दिवस भाषण
1. "आदरणीय शिक्षक गण और मेरे मित्रों, आप सभी को गणतंत्र दिवस की ढेर सारी बधाई। आज का दिन हमें हमारे तिरंगे की याद दिलाता है। केसरिया रंग बलिदान का, सफेद शांति का और हरा रंग हरियाली का प्रतीक है। हमारे तिरंगे का अशोक चक्र हमें हमेशा आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देता है। हमें प्रतिज्ञा करनी चाहिए कि हम अपने देश के झंडे का हमेशा सम्मान करेंगे और कभी इसे झुकने नहीं देंगे। धन्यवाद। जय हिन्द!"
2. "गुड मॉर्निंग! मेरा नाम [अपना] है। आज हम यहां गणतंत्र दिवस मनाने आए हैं। 26 जनवरी हमारे देश का बहुत बड़ा दिन है। आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। मुझे अपने देश भारत से बहुत प्यार है। मैं बड़ा होकर एक अच्छा नागरिक बनूँगा। धन्यवाद! जय हिन्द, जय भारत!"

गणतंत्र दिवस भाषण
कक्षा दूसरी से चौथी के लिए शॉर्ट भाषण (Class 2 to 4 Republic Day Speech)
1. "नमस्ते! आज हम यहां 26 जनवरी मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। क्या आप जानते हैं आज का दिन खास क्यों है? क्योंकि आज ही के दिन हमारे देश का अपना 'कानून' यानी संविधान लागू हुआ था। डॉ. बी.आर. अंबेडकर जी ने इसे बहुत मेहनत से तैयार किया था। यह संविधान हमें मिलजुलकर रहने और एक-दूसरे की मदद करने की सीख देता है। हमें अपने देश के नियमों को मानना चाहिए और एक अच्छा इंसान बनना चाहिए। भारत माता की जय!"
2. " रिस्पेक्टेड टीचर और मेरे मित्रों! गणतंत्र दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि हमारे गौरव का पर्व है। हमारे देश में अलग-अलग भाषाएँ और धर्म हैं, फिर भी हम सब एक हैं। यही हमारे गणतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। आज के दिन दिल्ली में होने वाली परेड हमें देश की शक्ति और संस्कृति की झलक दिखाती है। आइए, आज हम सब मिलकर वादा करें कि हम पढ़ाई के साथ-साथ अपने देश को सुंदर और स्वच्छ बनाने में भी योगदान देंगे। जय हिन्द, जय भारत!"

गणतंत्र दिवस भाषण 2026
3. "आदरणीय प्रधानाचार्य जी, टीचर और मेरे प्रिय मित्रों! गणतंत्र दिवस के इस पावन पर्व पर हम उन महापुरुषों को याद करते हैं जिन्होंने देश को आजाद कराया। महात्मा गांधी, भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस जैसे वीरों के कारण ही आज हम स्वतंत्र हैं। आज के दिन दिल्ली के राजपथ पर परेड होती है। हमें अपने देश के वीरों पर गर्व है। जय हिन्द!"
4. "नमस्ते! आज 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस है। अन्य देशों के लिए भले ही यह एक तारिख है, लेकिन भारत के लिए यह वह दिन है, जब देश को उसका संविधान मिला और वह एक गणतंत्र बना। डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने इसे बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। हमारा संविधान हमें एक-दूसरे से प्यार करने और मिल-जुलकर रहने की सीख देता है। हमें अपने देश के नियमों का पालन करना चाहिए। जय हिन्द!"
5. "रिस्पेक्टेड टीचर और मेरे प्रिय दोस्तों! आप सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई। आज हमारा देश 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हमारे तिरंगे में तीन रंग होते हैं—केसरिया, सफेद और हरा। सफेद पट्टी के बीच में नीला 'अशोक चक्र' होता है। यह सभी रंग भारत की एकता का प्रतीक है। हमें तिरंगे के सम्मान के साथ अपने माता-पिता टीचर और अन्य लोगों का भी सम्मान करना चाहिए। आइए हम सब मिलकर भारत को श्रेष्ठ भारत बनाएं। भारत माता की जय! जय हिन्द!"

गणतंत्र दिवस भाषण 2026
कक्षा 4 से 8 के लिए शॉर्ट भाषण (Class 4 to 8 Republic Day Speech)
1. "गुड मॉर्निंग! गणतंत्र दिवस के इस महान पर्व पर मैं आप सभी का स्वागत करता हूं। एक स्वतंत्र और गणतांत्रिक देश में शिक्षा वह हथियार है जिससे हम गरीबी और बुराइयों को खत्म कर सकते हैं। आज के दिन हमें उन वीरों को भी याद करना चाहिए जिन्होंने अपनी जान का बलिदान देकर हमें आजादी दिलाई। हम बच्चे ही इस देश का भविष्य हैं। अगर हम आज ईमानदारी से पढ़ेंगे, तभी कल एक मजबूत भारत का निर्माण कर पाएंगे। धन्यवाद। जय हिंद!"
2. "माननीय अतिथि महोदय और मेरे प्रिय मित्रों, गणतंत्र दिवस की आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज के दिन हमें यह सोचना चाहिए कि देशभक्ति केवल सीमा पर लड़ने में ही नहीं है। अपने स्कूल को साफ रखना, ट्रैफिक नियमों का पालन करना और बड़ों का आदर करना भी सच्ची देशभक्ति है। हमारा गणतंत्र तभी सफल होगा जब हम अनुशासित रहेंगे। आइए, इस गणतंत्र दिवस पर हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि हम अपने कार्यों से भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन करेंगे। जय हिन्द!"
3. "गुड मॉर्निंग! आज हम अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। यह वही दिन है, जो हमें हमारे अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। एक छात्र के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम मन लगाकर पढ़ें और अपने स्कूल व घर को साफ रखें। बड़े-बड़े कामों को करने से पहले जब हम छोटे-छोटे अच्छे काम करेंगे, तभी हमारा देश महान बनेगा। आइए आज संकल्प लें कि हम भारत को दुनिया का सबसे अच्छा देश बनाएंगे। धन्यवाद! जय हिन्द!"