एजुकेशन

Rajasthan: उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर की लिखित परीक्षा का रिजल्ट, PET के लिए 20798 अभ्यर्थी चयनित

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर (गृह ग्रुप-1) विभाग प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है।

Image

उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर शारीरिक दक्षता परीक्षा

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर (गृह ग्रुप-1) विभाग प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 5 और 6 अप्रैल 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले तथा निर्धारित न्यूनतम उत्तीर्णांक प्राप्त करने वाले कुल 20,798 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पात्रता की शर्त पर सूचीबद्ध किया गया है।

आयोग सचिव ने बताया कि इन अभ्यर्थियों को आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा अलग से आमंत्रित किया जाएगा। परीक्षा की तिथि, समय और अन्य आवश्यक जानकारी महानिदेशक एवं महानिरीक्षक पुलिस, राजस्थान, जयपुर द्वारा निर्धारित समय पर जारी की जाएगी।

RPSC ने स्पष्ट किया है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए सूचीबद्ध अभ्यर्थियों की पात्रता संबंधी जांच अभी नहीं की गई है। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, आयु, आरक्षण और अन्य पात्रता शर्तों की जांच साक्षात्कार के समय की जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे स्वयं सुनिश्चित कर लें कि वे भर्ती नियमों में निर्धारित सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं।

वहीं दूसरी ओर आयोग ने बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को अयोग्य भी घोषित किया है। आयोग के अनुसार, ओएमआर उत्तर पत्रक में 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में पांच विकल्पों में से कोई भी विकल्प नहीं भरने के कारण 1,744 अभ्यर्थियों को परीक्षा से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इन सभी अभ्यर्थियों के रोल नंबर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि राजस्थान पुलिस में उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर के पदों पर भर्ती राज्य की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। अब लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की नजर आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा पर होगी, जो चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए नियमित रूप से RPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article