राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम ने राज्य के विद्युत निगमों में तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई) की 2073 रिक्तियों पर इलेक्ट्रिशियन/ पॉवर इलेक्ट्रीशियन/ वायरमेन/ लाइनमैन/ एसबीए में आईटीआई योग्यता धारकों की भर्ती का अंतिम परिणाम सोमवार को जारी कर विद्युत निगमों की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया हैं। ग्रुप II, ग्रुप III एवं ग्रुप IV का अंतिम परिणाम पूर्व में ही जारी किया जा चुका है। इस संबंध में चयनित अभ्यर्थियों को उनके मोबाइल नम्बर पर एसएमएस द्वारा भी सूचित कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश सम्बन्धित विद्युत निगम द्वारा पृथक से जारी किये जायेंगें।
ऊर्जा राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शिता के साथ अधिकाधिक रोजगार देने के लिए संकल्पित है। इसी क्रम में विद्युत निगमों में भर्ती प्रक्रिया को गति देते हुए इतने कम समय में अभियन्ताओं के 271 पदों एवं तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई)/ आपरेटर-तृतीय (आईटीआई)/ प्लांट अटेंडेंट-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2163 पदों सहित कुल 2434 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। तकनीशियन वर्ग के कुल 2163 पदों में से राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के 150, जयपुर विद्युत वितरण निगम के 603, अजमेर विद्युत वितरण निगम के 498 एवं जोधपुर विद्युत वितरण निगम के 912 पद शामिल हैं।
ऊर्जा राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने बताया कि भर्ती हेतु ऑनलाइन प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन गत 24 से 27 नवम्बर तक किया गया था। इसमें 1,06,770 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मुख्य परीक्षा 23 फरवरी 2026 को आयोजित की गयी थी। मुख्य परीक्षाओं में सफल घोषित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 1 अप्रैल से 17 अप्रैल तक एवं 23 अप्रैल को जयपुर में किया गया। दस्तावेज सत्यापन हेतु ग्रुप-I में 4501, ग्रुप-II में 63, ग्रुप-III में 51 एवं ग्रुप-IV में 61, कुल 4,676 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। अंतिम रूप से चयनित 2073 अभ्यर्थियों की सूची विद्युत निगमों की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध कराने हेतु विद्युत निगमों में कनिष्ठ अभियंता, कनिष्ठ लेखाकार, कनिष्ठ सहायक/वाणिज्यिक सहायक-द्वितीय की 2005 नवीन रिक्तियों को भरने हेतु नई भर्ती प्रक्रिया भी इस माह में ही प्रारंभ की जाएगी।
