एजुकेशन

क्या है प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना, सरकार देती है सालाना 20 हजार रुपये

Pradhan Mantri Uchchatar Shiksha Protsahan Yojana: उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देखने वाले मेधावी छात्रों के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना (PM-USP) के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करती है। जानें इसके लाभ-

Image

प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना

Pradhan Mantri Uchchatar Shiksha Protsahan Yojana: उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देखने वाले मेधावी छात्रों के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना (PM-USP) के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करती है। इस योजना का उद्देश्य ऐसे छात्रों की मदद करना है जो पढ़ाई में अच्छे हैं, लेकिन आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई का सामना कर सकते हैं। योजना के तहत स्नातक (UG) स्तर के छात्रों को पहले तीन वर्षों तक 12,000 रुपये प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति दी जाती है। वहीं स्नातकोत्तर (PG) स्तर पर पढ़ने वाले छात्रों को 20,000 रुपये प्रतिवर्ष की सहायता मिलती है। इसके अलावा पांच वर्षीय प्रोफेशनल या इंटीग्रेटेड कोर्स करने वाले छात्रों को चौथे और पांचवें वर्ष में 20,000 रुपये सालाना तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। जो छात्र 12वीं के बाद कॉलेज में प्रवेश लेने जा रहे हैं, उनके लिए यह योजना पढ़ाई का खर्च कम करने और उच्च शिक्षा के सपने को पूरा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।

कैसे करना है आवेदन

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होती है। इच्छुक छात्र राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान 12वीं की मार्कशीट, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज जमा करने होते हैं।

इस योजना का उद्देश्य क्या है

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की उच्च शिक्षा में बाधा न बने। यही वजह है कि हर वर्ष हजारों छात्रों को इस योजना के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।

दी जाती है छात्रवृत्ति

प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत संचालित सेंट्रल सेक्टर स्कॉलरशिप स्कीम (CSSS) के जरिए कॉलेज और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाती है। यह छात्रवृत्ति 12वीं बोर्ड परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर प्रदान की जाती है। इस योजना का लाभ लेने के लिए छात्र का 12वीं कक्षा में अपने संबंधित बोर्ड के शीर्ष 20 प्रतिशत (Top 20 Percentile) सफल छात्रों में शामिल होना जरूरी है।

पात्रता की शर्तें

साथ ही परिवार की वार्षिक आय 4.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। छात्र किसी नियमित कॉलेज या विश्वविद्यालय में मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम में अध्ययनरत होना चाहिए और किसी अन्य बड़ी छात्रवृत्ति का लाभ नहीं ले रहा हो।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article