Opportunity to study at IIT without GATE: इंजीनियरिंग के छात्रों और वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी ने वर्ष 2026-27 सत्र के लिए फ्लड एंड वॉटर रिसोर्स मैनेजमेंट (Flood and Water Resources Management) में एमटेक कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कोर्स की सबसे खास बात यह है कि दाखिले के लिए GATE स्कोर अनिवार्य नहीं होगा। बता दें कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी में बिना गेट पास किए स्टडी का मौका मिल रहा है।
एडमिशन के लिए योग्यता
इस कोर्स में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित इंजीनियरिंग या संबद्ध विषय में चार वर्षीय स्नातक डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, जल संसाधन क्षेत्र में कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव आवश्यक है। चयन GATE के बजाय संस्थान द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा और/या साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
कैसे करना है आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार IIT गुवाहाटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि GATE की अनिवार्यता समाप्त होने से उन अभ्यर्थियों को बड़ा अवसर मिलेगा जो उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, लेकिन किसी कारणवश GATE परीक्षा नहीं दे पाए या उनका स्कोर अपेक्षित नहीं रहा।
संस्थान के अनुसार यह कार्यक्रम विशेष रूप से बाढ़ प्रबंधन, जल संसाधन संरक्षण, हाइड्रोलॉजी, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास जैसे विषयों पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य ऐसे विशेषज्ञ तैयार करना है जो देश में बढ़ती बाढ़ और जल संसाधनों से जुड़ी चुनौतियों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी समाधान विकसित कर सकें।
हाइब्रिड मोड में कोर्स
आईआईटी गुवाहाटी का यह दो वर्षीय एमटेक कार्यक्रम हाइब्रिड मोड में संचालित किया जाएगा। यानी छात्र ऑनलाइन माध्यम से लेक्चर अटेंड कर सकेंगे, जबकि प्रयोगशाला कार्य, प्रोजेक्ट और अंतिम परीक्षाओं के लिए उन्हें संस्थान के परिसर में उपस्थित होना होगा। ऑनलाइन कक्षाओं की रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि छात्र अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकें।
