Odisha Home Guard Exam 2025: ओडिशा में होमगार्ड के पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए 16 दिसंबर को अजीब नजारा देखने को मिला। यहां होमगार्ड के 187 पदों पर भर्ती के लिए करीब 8000 उम्मीदवार परीक्षा के लिए सेंटर पर पहुंचे थे। यहां परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था ना होने के कारण उम्मीदवारों को हवाई पट्टी पर बैठकर एग्जाम देना पड़ा। यहां आवेदन के लिए न्यूनतम योग्यता 5वीं पास थी। हालांकि बेरोजगारी की स्थिति इस तरह है कि परीक्षा के लिए ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवार शामिल हुए।
187 पदों के लिए 8000 आवेदन
जानकारी के मुताबिक यहां होमगार्ड के पदों पर उम्मीदवारों का सेलेक्शन अनुबंध या आवश्यकता के आधार पर किया जाएगा। यहां आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं पास थी। यही कारण था कि मात्र 187 पदों पर भर्ती के लिए करीब 8000 की संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचे।
सामान्य परीक्षा केंद्र पर इतनी अधिक संख्या में उम्मीदवारों की परीक्षा कराना प्रशासन के लिए मुमकिन नहीं था। इसलिए अधिकारियों ने जमादरपाली एयरस्ट्रिप को परीक्षा स्थल के रूप में चुना और हजारों उम्मीदवारों को लाइन से परीक्षा के लिए बैठा दिया गया।
Odisha Home Guard Selection Process: होमगार्ड के पदों पर सेलेक्शन प्रोसेस
बता दें ओडिशा होमगार्ड के पदों पर उम्मीदवारों का सेलेक्शन लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा ट्रेड/तकनीकी/जीवन कौशल परीक्षा (कंप्यूटर/ड्राइविंग), और मौखिक परीक्षा के आधार पर किया जाता है।
Odisha Home Guard Salary: ओडिशा होमगार्ड की सैलरी
ओडिशा के होमगार्ड के पदों पर चयनित उम्मीदवारों के सैलरी की बात करें तो यहां चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 18000 से 19000 रुपये सैलरी दी जाती है। हालांकि ध्यान रहे यह वेतन स्थायी नहीं होता है। यह ड्यूटी के आधार पर मिलता है, जिसमें कई प्रकार का भत्ता शामिल होता है।
