NEET UG Re exam 2026: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित आयोजन के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अभूतपूर्व तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा देश के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों तथा विदेशों के 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में होगी। परीक्षा के लिए बड़े पैमाने पर मानव संसाधन की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो-दो निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा हर केंद्र पर 10 से अधिक अतिरिक्त परीक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे। सभी 5,440 परीक्षा केंद्रों पर एक-एक सेंटर सिस्टम्स ऑफिसर (CSO) तैनात किया गया है, जो CCTV निगरानी और तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
NTA ने परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या इलेक्ट्रॉनिक धोखाधड़ी को रोकने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। परीक्षा 95,000 से अधिक परीक्षा कक्षों में आयोजित होगी, जहां कुल 1,38,560 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की लाइव निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए 51,311 जैमर तैनात किए गए हैं। इनमें 17,054 जैमर ECIL और 34,257 जैमर BEL द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।
AI की निगरानी में होगी परीक्षा
NTA ने परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,700 ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। इसके अतिरिक्त 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर केंद्रीय स्तर से CCTV फुटेज की लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। सिर्फ मानवीय निगरानी ही नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा। AI सिस्टम CCTV फुटेज का विश्लेषण कर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामान्यता की पहचान करेगा, जिससे निगरानी और अधिक प्रभावी बनेगी।
अभ्यर्थियों की जांच को और सख्त बनाने के लिए 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ और 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मियों की तैनाती की गई है। बायोमेट्रिक सत्यापन की क्षमता को दोगुना किया गया है और इसके साथ फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक भी जोड़ी गई है, ताकि पहचान की प्रक्रिया तेज और सटीक हो सके।
पुलिस, अर्धसैनिक बल, वायुसेना और डाक विभाग भी जुटे
परीक्षा की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए राज्य और जिला प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों, भारतीय वायुसेना तथा डाक विभाग को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर औसतन 40 से 50 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। गोपनीय परीक्षा सामग्री रखने वाली लगभग 1,500 बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, परीक्षा के बाद OMR शीट्स के सुरक्षित संग्रहण और परिवहन के लिए डाक विभाग देशभर के लगभग 700 कलेक्शन केंद्रों पर अपनी टीमों के साथ तैनात रहेगा।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्त नजर
NTA ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कथित “पेपर लीक” और अन्य भ्रामक दावों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एजेंसी ऐसे अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे केवल NTA की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट संदेश या अफवाह से बचें।
