एजुकेशन

NTA का अलर्ट: पेपर लीक की खबरों से रहें सावधान, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

NEET Re Exam 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नीट री एग्जाम का पेपर लीक होने, बिक्री के लिए उपलब्ध होने इस तरह की सभी खबरों को पूरी तरह फर्जी व अफवाह बताया है। साथ ही एनटीए ने कहा कि, ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट व चैनलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Image

NEET Re Exam 2026: पेपर लीक की खबरों से रहें सावधान

NEET Re Exam 2026: नीट री एग्जाम को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रश्न पत्र के लीक होने, पहले से उपलब्ध होने या बिक्री के लिए उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया है। एनटीए ने ट्वीट कर कहा है कि ऐसे दावे पूरी तरह मनगढ़ंत हैं और इनका उद्देश्य छात्रों व उनके अभिभावकों को गुमराह करना और आर्थिक रूप से ठगना है। एजेंसी के अनुसार, इस प्रकार की सामग्री संगठित नकल गिरोहों और साइबर ठगों द्वारा फैलाई जा रही है, जो परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों की चिंता का फायदा उठाने का प्रयास करते हैं।

अफवाह फैलाने वाले चैनलों पर होगी कार्रवाई

एनटीए ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पूरी तरह बरकरार है और सभी उम्मीदवारों के लिए निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सुरक्षा उपाय किए गए हैं। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले अकाउंट्स और चैनलों की पहचान कर संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा साइबर अपराध एजेंसियों को कार्रवाई के लिए सूचित किया जा रहा है।

अफवाहों से दूर रहें

एनटीए ने उम्मीदवारों और अभिभावकों को सलाह दी कि वह किसी भी कथित प्रश्न पत्र, लीक सामग्री या परीक्षा से जुड़े फर्जी प्रस्तावों पर विश्वास न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध संदेश के लिए भुगतान करने या उसे आगे साझा करने से बचें। एनटीए ने कहा कि हम सभी उम्मीदवारों से आग्रह करते हैं कि वे इन अफवाहों को नजरअंदाज करें और केवल एनटीए द्वारा अपनी सत्यापित वेबसाइट और चैनलों के माध्यम से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। कोई भी प्रामाणिक जानकारी आपको केवल यहीं मिलेगी।

परीक्षा पर ध्यान केंद्रित करें

एनटीए ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों से अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि वह निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय परीक्षा आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article