एजुकेशन

NEET Re Exam 2026 को लेकर गृह सचिव ने की हाई लेवल बैठक, सुरक्षा से यात्रा तक हर पहलू पर नजर

NEET Re Exam 2026: नीट री एग्जाम को लेकर केंद्रीय गृह सचिव ने आज यानी 15 जून 2026, सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें देशभर में सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आवाजाही, छात्रों की सुविधा और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया।

Image

नीट री एग्जाम 2026 को लेकर गृह सचिव ने की हाई लेवल बैठक

NEET Re Exam 2026: नीट यूजी री-एग्जाम 2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी समस्या के बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कमर कस ली है। परीक्षा से पहले केंद्रीय गृह सचिव ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें देशभर में सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आवाजाही, छात्रों की सुविधा और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया।

बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए गृह सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और पवित्रता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए।

पिछले वर्षों में सामने आए पेपर लीक और अनियमितताओं के मामलों को देखते हुए इस बार सरकार कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है। इसी वजह से परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन तथा निगरानी तंत्र को लेकर विशेष चर्चा की गई।

बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि परीक्षा के दिन छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिए गए कि अभ्यर्थियों की यात्रा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने भी छात्रों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

CRPF, CISF और BCAS के महानिदेशक भी मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में रेलवे बोर्ड, शिक्षा मंत्रालय, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए CRPF, CISF और BCAS के महानिदेशक भी मौजूद रहे।

गृह सचिव ने केंद्र और राज्य स्तर की एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और रियल-टाइम समन्वय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।

बिना किसी गड़बड़ी के हो पेपर

केंद्र सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि NEET (UG) री-एग्जाम 2026 बिना किसी गड़बड़ी, पेपर लीक, तकनीकी खामी या सुरक्षा चूक के सफलतापूर्वक संपन्न हो। इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों से लेकर रेलवे, शिक्षा और स्वास्थ्य तंत्र तक को एक साझा मिशन के तहत काम करने को कहा गया है। संदेश साफ है, इस बार NEET री-एग्जाम में न सिर्फ सुरक्षा का अभेद्य घेरा होगा, बल्कि छात्रों की सुविधा और परीक्षा की पारदर्शिता पर भी सरकार की पैनी नजर रहेगी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article