एजुकेशन

कतर और भारत में सफलतापूर्वक संपन्न हुई NEET UG 2026 परीक्षा, रिकॉर्ड समय में जारी होगा रिजल्ट

NEET UG 2026: 21 जून को हुई नीट यूजी री-एग्जाम भारत समेत विदेश के परीक्षा केंद्रों में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बताया जा रहा है कि इस बार सामान्य से पहले परीक्षा के रिजल्ट की घोषणा की जाएगी।

Image

NEET UG 2026

NEET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से देश और विदेशों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी 2026 री-एग्जाम (NEET UG 2026) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। पेपर लीक के विवादों के साये में आयोजित हुई देश की सबसे बड़ी मेडिकल परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया था। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद अब मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है और एजेंसी ने दावा किया है कि इस बार परिणाम सामान्य से पहले जारी किए जाएंगे।

कतर में भारतीय दूतावास ने जताया आभार

नीट यूजी परीक्षा का आयोजन केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों के चुनिंदा परीक्षा केंद्रों पर भी किया गया था। कतर की राजधानी दोहा में भी यह परीक्षा बेहद सुचारू ढंग से संपन्न कराई गई। दोहा में आयोजित हुई नीट यूजी की परीक्षा में कुल 598 भारतीय और विदेशी छात्रों ने हिस्सा लिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के जरिए कतर में स्थित भारतीय दूतावास ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए एनटीए और वहां के भारतीय स्कूलों का आभार व्यक्त किया। साथ ही दूतावास ने परीक्षा देने वाले सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर परिणाम के लिए शुभकामनाएं भी दी।

बायोमेट्रिक से लेकर जैमर तक सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम

नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक मामले के बाद दोबारा आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा देश-विदेश के कुल 5,440 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें 20 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। परीक्षा को पूरी तरह से निष्पक्ष और गड़बड़ी-मुक्त बनाने के लिए 13 भाषाओं में व्यापक सुरक्षा उपाय किए गए थे। परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए केंद्रों पर बायोमेट्रिक और फेशियल ऑथेंटिकेशन, सीसीटीवी (CCTV) निगरानी, सिग्नल जैमर और दो-स्तरीय तलाशी की व्यवस्था थी। इसके अलावा, शिक्षा मंत्रालय और राज्य मुख्यालयों में बने कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की लगातार लाइव निगरानी की गई थी। एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित रही और कहीं से भी पेपर लीक होने की कोई शिकायत नहीं मिली है।

दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था

एनटीए ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पुलिस और पर्यवेक्षकों सहित लगभग 7 लाख कर्मियों को तैनात किया था। इस बार दिव्यांगजनों (PwDs) और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 81 उम्मीदवारों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे, जिसमें कीमोथेरेपी करा रहे और सड़क दुर्घटना से उबर रहे छात्र भी शामिल थे। नीट यूजी री-एग्जाम 2026 में शामिल हुए छात्रों के अनुसार, इस साल फिजिक्स का सेक्शन सबसे कठिन रहा, जबकि बायोलॉजी का पेपर तुलनात्मक रूप से आसान और केमिस्ट्री का स्तर औसत से थोड़ा मुश्किल था। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी परीक्षा प्रणाली पर पूरा भरोसा जताते हुए छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखने की अपील की है। छात्रों को अब सलाह दी गई है कि वह सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक वेबसाइट द्वारा परीक्षा से संबंधित जानकारियों पर भी भरोसा करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article