एजुकेशन

आइडिया से स्टार्टअप तक: NCERT की किताब में शामिल हुई ओबेरॉय होटल्स और लिज्जत पापड़ की कहानी, छात्र सीखेंगे बिजनेस के गुण

NCERT की कक्षा 9वीं की नई सोशल साइंस किताब में स्टार्टअप और उद्यमिता की जानकारी दी गई है। इस अध्याय में छात्रों को लिज्जत पापड़ और मोहन सिंह ओबेरॉय के उदाहरण के जरिए बताया गया है कि कैसे क्वालिटी, ऑर्गनाइजेशन और लगातार कोशिश छोटे से काम को एक मशहूर ब्रांड बना देती है।

Image

NCERT की किताब में शामिल हुई ओबेरॉय होटल्स और लिज्जत पापड़ की कहानी

NCERT Social Science New Book: सिर्फ एक छोटा-सा विचार भी बड़े बिजनेस की नींव बन सकता है। इसके लिए हमेशा ज्यादा पूंजी, आलीशान ऑफिस या बड़ी फैक्ट्री की जरूरत नहीं होती। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) इसी सोच को अब स्कूली शिक्षा से जोड़ने की तैयारी है। इस कड़ी में NCERT की कक्षा 9वीं की नई सोशल साइंस की किताब में स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप से जुड़ा एक अध्याय शामिल किया गया है। अध्याय 6 ‘फ्रॉम आइडियाज टू स्टार्टअप्स’ में छात्रों को एंटरप्रेन्योरशिप यानी नये व्यापार शुरू करने के बारे में बताया गया है।

इस अध्याय में छात्रों को कंपनियों के उदाहरण के जरिए बताया गया है कि कैसे क्वालिटी, ऑर्गनाइजेशन और लगातार कोशिश छोटे से काम को एक मशहूर ब्रांड बना देती है। इनमें से एक हैं मोहन सिंह ओबेरॉय, जिन्होंने 50 रुपये की सैलरी से अपना करियर शुरू किया और आगे चलकर भारत की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में एक बड़े नाम बने। 1898 में पंजाब में जन्मे ओबेरॉय ने अपना पहला होटल खरीदने के लिए अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखे थे और बाद में एक बड़ा होटल बिजनेस खड़ा किया।

80 रुपये उधार लेकर शुरू किया था बिजनेस

वहीं लिज्जत पापड़ की कहानी एंटरप्रेन्योरशिप का एक अलग ही उदाहरण पेश करती है। साल 1959 में मुंबई की एक चाल में रहने वाली सात महिलाओं ने 80 रुपये उधार लेकर पारंपरिक रेसिपी से पापड़ बनाना शुरू किया। कोई फैक्ट्री न होने के कारण महिलाएं सुबह आटा घर ले जाती थी और घर के काम करने के साथ-साथ पापड़ बेलती और शाम तक तैयार पापड़ वापस पहुंचा देती थी। कहा जाता है कि पहले दिन उन्होंने कुल 5 पैकेट बनाए, उसे बाजार में बेचा तो महज 50 पैसे कमाए थे। उस समय आठ आने की रकम भी काफी हुआ करती थी।

इसके बाद मुनाफा धीरे धीरे 1 रुपये, 10 रुपये और 600 रुपये तक पहुंच गया। कमाई के साथ साथ सातों सहेलियों का उत्साह और बढ़ता गया, लेकिन उन्होंने पैसे आने पर मार्केटिंग या एडवरटाइजिंग के बजाए पापड़ की क्वालिटी सुधारने पर जोर दिया। यही कारण है कि धीरे धीरे उनका बिजनेस और बढ़ने लगा। इसके बाद उन्होंने को-ऑपरेटिव सोसाइटी रजिस्टर करवा लिया। यही सोसाइटी पापड़ का पूरा बिजनेस करती है।

मात्र 50 रुपये ओर 80 रुपये से शुरू हुए इस बिजनेस की सफलता छात्रों को बताती है कि कारोबार की सफलता केवल पैसों पर निर्भर नहीं करती। सही सोच, मेहनत, योजना और बाजार की जरूरतों को समझना भी महत्वपूर्ण है।

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article