आज के समय में हर तरह की जरूरत के लिए लोन लेना बहुत आसान हो गया है। मोबाइल से कुछ ही मिनट में पर्सनल लोन, शॉपिंग लोन या टू-व्हीलर लोन मिल जाता है। छोटी रकम के इन लोन से लोग नया मोबाइल, घर के कोई इलेक्ट्रॉनिक्स या जरूरत की कोई बड़ी चीज तो खरीद लेते हैं लेकिन छोटी-छोटी EMI का बोझ भी धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। इससे हर महीने का बजट भी बिगड़ने लगता है। यही वजह है कि छोटे लोन को लेकर डिफॉल्ट के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
CRIF की How India Lends Credit Report के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में भारत का रिटेल लेंडिंग पोर्टफोलियो सालाना आधार पर 18.8% बढ़कर 185.2 लाख करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन में डिफॉल्ट की दर पहली तिमाही के 1.6% से बढ़कर दूसरी तिमाही में 1.8% हो गई। टू-व्हीलर लोन में यह दर 4% से बढ़कर 4.1% और पर्सनल लोन में 2.3% से बढ़कर 2.4% हो गई। ऐसे में कर्ज लेने से पहले अपनी भुगतान क्षमता समझना जरूरी है। अगर आप भी लोन ले रहे हैं तो कर्ज के जाल से बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रख सकते हैं।
इन 5 बातों का रखें ध्यान
EMI पेमेंट के लिए ऑटो डेबिट सेट करें
लोन की EMI समय पर नहीं भरने पर पेनल्टी लग सकती है और क्रेडिट स्कोर (Credit Score) भी प्रभावित हो सकता है। इससे बचने के लिए बैंक खाते (Bank Account) में ऑटो डेबिट की सुविधा शुरू कर सकते हैं। साथ ही EMI की तारीख से पहले खाते में पर्याप्त बैलेंस जरूर रखें। बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल भी अपडेट रखें, ताकि पेमेंट से जुड़े अलर्ट मिलते रहें।
क्रेडिट कार्ड का सीमित इस्तेमाल करें
क्रेडिट कार्ड (Credit Card) की पूरी लिमिट का इस्तेमाल करते हैं तो इस आदत को बदलने की कोशिश करें। कोशिश करें कि उपलब्ध क्रेडिट लिमिट का 30% से कम ही इस्तेमाल हो। इसके अलावा, एक लोन चुकाने के तुरंत बाद दूसरा लोन लेने से भी बचें। बार-बार कर्ज लेना आपकी आर्थिक स्थिति पर दबाव डाल सकता है।
नियमित रूप से क्रेडिट स्कोर चेक करें
अपना क्रेडिट स्कोर (Credit Score) और रिपोर्ट समय-समय पर चेक करते रहें। इससे आपको पता चलेगा कि कोई EMI मिस तो नहीं हुई या चुकाया गया लोन (Loan) अभी भी रिपोर्ट में एक्टिव तो नहीं दिख रहा। रिपोर्ट में गलती मिलने पर संबंधित संस्था से उसे ठीक करवाएं।
भुगतान क्षमता के अनुसार ही लोन लें
लोन की आकर्षक EMI देखकर तुरंत आवेदन करने से बचें। पहले अपनी मौजूदा EMI, घर के खर्च और दूसरी देनदारियों का हिसाब लगाएं। इसके बाद ही तय करें कि आप कितनी रकम आसानी से चुका सकते हैं।
इमरजेंसी फंड जरूर बनाएं
नौकरी छूटने, बीमारी या अचानक खर्च आने पर EMI चुकाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए अपनी कम से कम 3 से 6 महीने की जरूरी जरूरतों के बराबर रकम इमरजेंसी फंड (Emergency Fund) में रखें। इससे मुश्किल समय में नया कर्ज लेने की जरूरत कम होगी।
