Delhi News: सोशल मीडिया पर एकतरफा प्यार का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। 29 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाली एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने के लिए चेन्नई से दिल्ली आए एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में युवती के घर में घुसने पर उसके परिजनों और पड़ोसियों ने युवक को बुरी तरह पीटा, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी।
क्या है पूरा मामला?
पीटीआई के मुताबिक, पुलिस जांच के अनुसार, मृतक युवक चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था। वह सोशल मीडिया के जरिए इस महिला इन्फ्लुएंसर के संपर्क में आया था और लगातार उसके वीडियो लाइक करता था। इसी दौरान युवक को युवती से एकतरफा प्यार हो गया और वह उससे मिलने के लिए चेन्नई से सीधा दिल्ली चला आया। युवती के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 29 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
घर में घुसते ही भड़का विवाद और बेरहमी से पिटाई
यह घटना 7 नवंबर की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक जब मधु विहार स्थित युवती के घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी युवती के परिजनों और पड़ोसियों से उसका आमना-सामना हो गया। इस पर विवाद भड़क गया और युवती के पिता और कुछ पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा। इस मारपीट में युवक को गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल युवक को पहले लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे एक अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पिता और पड़ोसी गिरफ्तार, भाई की भूमिका की भी जांच
युवक की मौत के बाद मधु विहार थाना पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान इस हमले में युवती के भाई और कुछ अन्य पड़ोसियों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस की टीमें घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी भूमिका तय की जा सके।
