Ragesh Unnikochan: केरल में हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी रघेश उन्नीकोचन को सीबीआई ने UAE से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी को 18 नवंबर को UAE से भारत लाया गया। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए जांच के दौरान ही विदेश भाग गया था। उसके खिलाफ केरल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था और अदालत में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी थी।
रेड कॉर्नर नोटिस जारी था
बीआई के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए केरल पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया था। इसके बाद UAE की एजेंसियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE अधिकारियों ने उसे भारत भेजने की मंजूरी दे दी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और केरल पुलिस के साथ समन्वय कर यूएई से उसके निर्वासन को सफल बनाया।
आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया
इसके बाद केरल पुलिस की एक टीम UAE पहुंची, जहां आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। पुलिस टीम उसे लेकर 18 नवंबर को तिरुवनंतपुरम पहुंची। आरोपी के खिलाफ संबंधित अदालत ने पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा था। सीबीआई ने बताया कि भारत में इंटरपोल से जुड़े मामलों के लिए वह नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के तौर पर काम करती है। भारत की अलग-अलग जांच और पुलिस एजेंसियों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तालमेल बनाने के लिए BHARATPOL की मदद ली जाती है।
सीबीआई के मुताबिक, साल 2019 से अब तक इंटरपोल के जरिए 281 से ज्यादा वांछित अपराधियों को विदेश से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें 2026 में अब तक वापस लाए गए 73 भगोड़े भी शामिल हैं। कानूनी एजेंसियां अन्य फरार आरोपियों को भारत लाने के प्रयास में हैं।
