World Philosophy Day Quotes in Hindi: आज वर्ल्ड फिलॉसफी डे यानी विश्व दर्शन दिवस है। यह खास दिन जो हर साल नवंबर के तीसरे गुरुवार को मनाया जाता है। आज इस मौके पर, आइए जिंदगी और दुनिया को थोड़ा गहराई से समझने की कोशिश करें। दुनिया के कुछ बड़े दार्शनिकों के ये 10 विचार आपके मन में नए सवाल जगा सकते हैं और चीजों को देखने का नजरिया बदल सकते हैं:
World Philosophy Day: आपकी सोच को नई दिशा देंगे दुनिया के महान दार्शनिकों के ये 10 विचार (Photo: iStock)
1. मैं सोचता हूं, इसलिए मैं हूं- रेने डेकार्ट
फ्रांस के दार्शनिक और गणितज्ञ रेने डेकार्ट की इस बात का सीधा सा मतलब है कि अगर आप सोच-विचार कर रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपका वजूद है और आप जिंदा हैं। उनके इन विचारों को और करीब से जानना हो तो उनकी किताब 'मेडिटेशन्स ऑन फर्स्ट फिलॉसफी' पढ़ी जा सकती है।
2. बिना परखा हुआ जीवन जीने लायक नहीं है- सुकरात
प्राचीन यूनान के मशहूर दार्शनिक सुकरात कह गए हैं कि हमें बस भीड़ का हिस्सा बनकर या बिना सोचे-समझे जिंदगी नहीं गुजारनी चाहिए। खुद से सवाल पूछना, अपनी गलतियों और फैसलों को परखना ही जिंदगी को असली मायने देता है। सुकरात की फिलॉसफी को समझने के लिए प्लेटो की किताबें 'अपोलॉजी' और 'फीडो' पढ़ी जा सकती हैं।
3. मनुष्य स्वतंत्र होने के लिए अभिशप्त है- ज्यां पॉल सार्त्र
बीसवीं सदी के बड़े फ्रांसीसी दार्शनिक और लेखक ज्यां-पॉल सार्त्र का मानना था कि इंसान आजाद पैदा होता है, लेकिन अपने हर फैसले और जिंदगी के मायने तय करने की जिम्मेदारी उसी की होती है। हम अपने हालात या दूसरों का बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते। इस बारे में और गहराई से जानने के लिए उनकी किताब 'बीइंग एंड नथिंगनेस' देखी जा सकती है।
4. मैं जितना अधिक पढ़ता हूं, जितना अधिक सीखता हूं, उतना ही यकीन होता है कि मैं कुछ नहीं जानता- वोल्टेयर
फ्रांस के प्रसिद्ध लेखक और विचारक वोल्टेयर के इस दर्शन से पता चलता है कि जैसे-जैसे हम सीखते हैं, वैसे-वैसे हमें यह भी समझ आता है कि दुनिया में जानने के लिए अभी कितना कुछ बाकी है। उनकी मशहूर कहानी 'कैंडिड' में भी जिंदगी और उम्मीद से जुड़ी ऐसी कई दिलचस्प बातें मिलती हैं।
5. मनुष्य स्वतंत्र पैदा होता है, लेकिन हर जगह जंजीरों में जकड़ा है- जीन जैक्स रूसो
जिनेवा के मशहूर विचारक जीन जैक्स रूसो का कहना था कि इंसान स्वभाव से आजाद होता है, लेकिन समाज के नियम, उम्मीदें और बंदिशें उसे कहीं न कहीं बांध लेती हैं। समाज और इंसान के इस रिश्ते को समझने के लिए उनकी किताब 'द सोशल कॉन्ट्रैक्ट' पढ़ी जा सकती है।
6. हम वही हैं जो हम बार-बार करते हैं। इसलिए उत्कृष्टता कोई कार्य नहीं, बल्कि एक आदत है- अरस्तू
प्राचीन यूनान के महान दार्शनिक अरस्तू के इस विचार का सीधा मतलब है कि किसी भी काम में अच्छा होना या एक अच्छा इंसान बनना एक दिन का काम नहीं है, बल्कि रोज की आदतों से बनता है। हम जैसी आदतें अपनाते हैं, वैसा ही हमारा स्वभाव बन जाता है। इस विषय पर विस्तार से पढ़ने के लिए उनकी किताब 'निकोमाचियन एथिक्स' देखी जा सकती है।
7. प्रार्थना का काम ईश्वर को प्रभावित करना नहीं, प्रार्थना करने वाले के स्वभाव को बदलना है- सोरेन कीर्केगार्ड
उन्नीसवीं सदी के डेनिश दार्शनिक और लेखक सोरेन कीर्केगार्ड का यह विचार प्रार्थना को एक अलग नजरिए से दिखाता है। उनके मुताबिक, प्रार्थना का असली मकसद ऊपर वाले से अपनी मनमानी करवाना नहीं है, बल्कि अपने भीतर शांति, समझ और बदलाव लाना है। उनके विचारों को और करीब से जानना हो तो 'फियर एंड ट्रेम्बलिंग' और 'द सिकनेस अनटू डेथ' जैसी किताबें पढ़ी जा सकती हैं।
8. बात यह नहीं है कि हमारे पास जीने के लिए कम समय है, बल्कि यह है कि हम इसका बड़ा हिस्सा बर्बाद कर देते हैं - सेनेका
प्राचीन रोम के दार्शनिक सेनेका हमें वक्त की कीमत समझाते हैं। अकसर हम शिकायत करते हैं कि हमारे पास समय कम है, जबकि हकीकत यह है कि हम अपना काफी वक्त बेवजह की चीजों या टालमटोल में गंवा देते हैं। मुश्किल हालात में शांत रहकर सही फैसले लेने के लिए उनके पत्रों का संकलन 'लेटर्स फ्रॉम ए स्टोइक' काफी मददगार माना जाता है।
9. जीना पीड़ा सहना है; टिके रहना उस पीड़ा में कोई अर्थ खोज लेना है- फ्रेडरिक नीत्शे
जर्मन दार्शनिक फ्रेडरिक नीत्शे मानते हैं कि जिंदगी में दुख और तकलीफें आना तय है। लेकिन उन मुश्किलों से हार मानने के बजाय उनमें कोई मकसद या सीख ढूंढ लेना ही हमें आगे बढ़ने की ताकत देता है। खुद को समझने और आगे बढ़ने की इस यात्रा के बारे में उनकी किताब 'दस स्पोक जरथुस्त्र' में पढ़ा जा सकता है।
10. ताकतवर वही करते हैं जो वे कर सकते हैं और कमजोर वही सहते हैं जो उन्हें सहना पड़ता है- थ्यूसीडाइड्स
प्राचीन यूनान के इतिहासकार और सेनापति थ्यूसीडाइड्स का यह कोट ताकत और सत्ता की कड़वी सच्चाई को दिखाता है। जब ताकत और संघर्ष की बात आती है, तो ताकतवर अपनी मर्जी चलाते हैं और कमजोरों को हालात के आगे झुकना पड़ता है। राजनीति और इंसानी स्वभाव की इस हकीकत को समझने के लिए उनकी किताब 'हिस्ट्री ऑफ द पेलोपोनियन वॉर' पढ़ी जा सकती है।
