NCERT: नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने कक्षा 11 और 12 की पॉलिटिकल साइंस की नई किताबें तैयार करने वाली टीम में बदलाव किया है। नई टीम को किताबों में भारतीय संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा और सभी वर्गों को शामिल करने जैसे पहलुओं पर ज्यादा ध्यान देने को कहा गया है। यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत पाठ्यपुस्तकों में किए जा रहे व्यापक संशोधन का हिस्सा है। नई किताबों में विषयों को किस तरह प्रस्तुत किया जाएगा, इसे लेकर भी काफी चर्चा हो रही है।
संदीप शास्त्री करेंगे नई किताबों की टीम का नेतृत्व
NCERT की ओर से बनाई गई नई टीम की जिम्मेदारी शिक्षाविद और राजनीतिक विश्लेषक संदीप शास्त्री को दी गई है। वह कर्नाटक स्थित निट्टे डीम्ड यूनिवर्सिटी के वाइस प्रेसिडेंट हैं। NCERT के अनुसार, टीम को कक्षा 11 की पॉलिटिकल साइंस की नई किताब नवंबर 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं कक्षा 12 की किताब को जुलाई 2027 तक तैयार करने की योजना है।
नई टीम में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), दिल्ली यूनिवर्सिटी, इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU), नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, चाणक्य यूनिवर्सिटी, जिंदल ग्लोबल लॉ स्कूल और पांडिचेरी यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP Board: यूपी बोर्ड इंटर की परीक्षा में बड़ा बदलाव, अब 80 नंबर का होगा लिखित पेपर
भारतीय ज्ञान और समावेश पर रहेगा जोर
NCERT के निर्देश के मुताबिक नई किताबें तैयार करते समय सामाजिक विज्ञान, भाषाओं, भारतीय ज्ञान प्रणाली, पर्यावरण शिक्षा और नई शिक्षण पद्धतियों से जुड़े समूहों के साथ भी समन्वय किया जाएगा। इसका उद्देश्य अलग-अलग कक्षाओं और विषयों के बीच बेहतर तालमेल बनाना है। किताबों की समीक्षा के दौरान भारतीय संस्कृति से जुड़ाव, भारतीय ज्ञान परंपरा, समावेशी शिक्षा, एजुकेशनल टेक्नोलॉजी और मूल्यांकन जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नई टीम की संरचना को लेकर भी चर्चा हुई है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक टीम के कम से कम चार सदस्यों के RSS, ABVP या इनसे जुड़े संस्थानों के साथ सार्वजनिक रूप से दर्ज संबंध हैं।
पॉलिटिकल साइंस की किताबों में संविधान, लोकतंत्र, राजनीतिक संस्थाओं और नागरिकता जैसे महत्वपूर्ण विषय पढ़ाए जाते हैं। इसलिए नई किताबों में देश के राजनीतिक इतिहास, संवैधानिक मूल्यों और अलग-अलग विचारों को किस तरह प्रस्तुत किया जाता है, इस पर छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों की नजर रहेगी।
