ऑटो न्यूज़

679 किमी तक की दमदार रेंज के साथ लॉन्च हुई 6-सीटर Mahindra XEV 9S, 25.25 लाख शुरुआती कीमत

महिंद्रा ने अपने भारतीय ग्राहकों के लिए XEV 9S इलेक्ट्रिक एसयूवी के 6-सीटर वर्जन को पेश कर दिया है। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की शुरुआती कीमत 25.25 लाख रुपये है।

Image

Mahindra XEV 9S का 6-सीटर वर्जन भारत में लॉन्च

महिंद्रा (Mahindra) ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV XEV 9S का 6-सीटर वर्जन भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। नए 6-सीटर मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 25.25 लाख रुपये रखी गई है। Mahindra XEV 9S 6 सीटर वर्जन को कुल चार वेरिएंट में पेश किया गया है। इसकी कीमत टॉप वेरिएंट के लिए 30.15 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। कंपनी ने इसे Pack Two Above, Pack Three और Pack Three Above ट्रिम लेवल में उपलब्ध कराया है।

वेरिएंटबैटरीएक्स-शोरूम कीमत
Pack Two Above70 kWh₹25.25 लाख
Pack Two Above79 kWh₹26.15 लाख
Pack Three70 kWh₹28.05 लाख
Pack Three Above79 kWh₹30.15 लाख

दूसरी रो में मिलेंगी Captain Seats

नई XEV 9S 6-सीटर का सबसे बड़ा बदलाव इसके केबिन में देखने को मिलता है। 7-सीटर मॉडल की तरह बेंच सीट की जगह इसमें दूसरी रो में दो अलग-अलग Captain Seats दी गई हैं। दोनों सीटों पर आर्मरेस्ट भी मिलते हैं।

इन दोनों सीटों के बीच काफी जगह रखी गई है, जिससे तीसरी रो तक पहुंचना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है। सीटों के बीच मौजूद गैप से तीसरी रो में बैठे यात्रियों को भी अपने पैर फैलाने के लिए ज्यादा जगह मिल सकती है। इस वजह से लंबे सफर के दौरान पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम में सुधार होने की उम्मीद है।

Captain Seats के आर्मरेस्ट को ऊपर किया जा सकता है, जिससे तीसरी रो में जाने के लिए रास्ता और ज्यादा खुल जाता है। यानी परिवार के लिए कार का इस्तेमाल करते समय तीसरी रो तक पहुंचना ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है।

दूसरी रो के यात्रियों के लिए भी सुविधाएं

महिंद्रा ने दूसरी रो के यात्रियों के आराम का भी ध्यान रखा है। 6-सीटर XEV 9S में दूसरी रो के लिए Rear AC Vents दिए गए हैं। इसके अलावा यात्रियों को दो 65W USB Charging Ports भी मिलते हैं।

70kWh और 79kWh बैटरी का विकल्प

Mahindra XEV 9S 6-सीटर को कंपनी ने दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ पेश किया है। इसमें 70kWh और 79kWh बैटरी पैक शामिल हैं। दोनों बैटरी विकल्पों के साथ रियर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 380Nm का टॉर्क जेनरेट करती है। 70kWh बैटरी वाले वर्जन की दावा की गई रेंज 600km तक है। वहीं 79kWh बैटरी पैक वाला वर्जन एक बार फुल चार्ज होने पर 679km तक की रेंज देने का दावा करता है।

अलग-अलग पावर आउटपुट

XEV 9S के 6-सीटर मॉडल में बैटरी और वेरिएंट के अनुसार पावर आउटपुट में अंतर देखने को मिलता है। Pack Two वेरिएंट में मोटर 286hp का आउटपुट देती है, जबकि दूसरे बैटरी विकल्प वाले सेटअप में मोटर का आउटपुट 245hp बताया गया है।

इस तरह XEV 9S 6-सीटर में खरीदार को केवल सीटिंग कॉन्फिगरेशन का विकल्प ही नहीं मिलता, बल्कि अलग-अलग बैटरी क्षमता और फीचर पैकेज के हिसाब से वेरिएंट चुनने का विकल्प भी मिलता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article