एजुकेशन

MP Board Ruk Jana Nahi: 10वीं-12वीं में फेल छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका, 'रुक जाना नहीं' के लिए 20 तक करें पंजीकरण

MP Board Ruk Jana Nahi: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 10वीं और 12वीं के उन छात्रों के लिए बड़ी राहत दी है जो मुख्य परीक्षा या द्वितीय अवसर परीक्षा में सफल नहीं हो सके हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए 'रुक जाना नहीं' परीक्षा योजना 2026 के तहत एक और अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

Image

रुक जाना नहीं परीक्षा योजना

MP Board Ruk Jana Nahi: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 10वीं और 12वीं के उन छात्रों के लिए बड़ी राहत दी है जो मुख्य परीक्षा या द्वितीय अवसर परीक्षा में सफल नहीं हो सके हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए 'रुक जाना नहीं' परीक्षा योजना 2026 के तहत एक और अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार परीक्षाएं जून 2026 के अंतिम सप्ताह से आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को केवल उन्हीं विषयों की परीक्षा देनी होगी, जिनमें वे अनुत्तीर्ण हुए हैं। प्रश्नपत्र मंडल के निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार होंगे और अंकसूची भी मध्य प्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल द्वारा जारी की जाएगी।

योजना के अनुसार, फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित मुख्य परीक्षा और अप्रैल-मई 2026 में आयोजित द्वितीय अवसर परीक्षा में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित रहे विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। पात्र छात्र 20 जून 2026 तक एमपी ऑनलाइन कियोस्क या स्वयं ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जून 2026 में आयोजित हाईस्कूल परीक्षा के प्रथम चरण में सफल होने वाले विद्यार्थियों को ही कक्षा 11वीं में नियमित प्रवेश की पात्रता मिलेगी। दूसरे चरण में उत्तीर्ण होने वाले छात्र अगले शैक्षणिक सत्र में आगे की पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

शिक्षा विभाग का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य असफल छात्रों को निराशा से बाहर निकालना और उन्हें सफलता हासिल करने का एक और अवसर देना है। "रुक जाना नहीं" योजना वर्षों से हजारों विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई है। योजना के तहत पूर्व में उत्तीर्ण विषयों के अंक भी अंकसूची में दर्ज रहेंगे। वहीं, यदि कोई विद्यार्थी जून 2026 की परीक्षा में भी सफल नहीं हो पाता है, तो उसे दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए दोबारा पंजीकरण कर एक और मौका दिया जाएगा।

विद्यार्थी अपने प्रवेश पत्र और परीक्षा संबंधी जानकारी www.mpsos.mponline.gov.in तथा www.mpsos.nic.in से डाउनलोड कर सकेंगे। किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 0755-6720200 जारी किया गया है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article