बॉलीवुड

Yash Maheshwari को छठ और सिंदूर पर भद्दा मजाक करना पड़ा भारी, दर्ज हुई FIR

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 25, 2026, 04:14 PM IST

Yash Maheshwari Morally Questionable Controversy: स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी अपने एक वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इसके चलते उनके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है।

Image

बिहार की महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी से मचा बवाल, माफी के बाद भी फंसे कॉमेडियन यश माहेश्वरी (Image Source: Reddit)

Yash Maheshwari Morally Questionable Controversy: एंटरटेनमेंट की दुनिया में स्टैंडअप कॉमेडी के नाम पर कई बार ऐसे बयान सामने आते हैं, जो विवाद की वजह बन जाते हैं। इस बार कॉमेडियन यश माहेश्वरी (Yash Maheshwari) का एक वीडियो लोगों के गुस्से की वजह बन गया है। उनके शो की एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें उन्होंने बिहार की महिलाओं और छठ पूजा के दौरान सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी जमकर आलोचना की। मामला इतना बढ़ा कि राजनीतिक नेताओं और वकीलों ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठा दी। विवाद बढ़ता देख कॉमेडियन ने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी, लेकिन उनकी मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं।

यश माहेश्वरी के खिलाफ दर्ज हुई FIR

विवाद बढ़ने के बाद पटना पुलिस ने यश माहेश्वरी के खिलाफ साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक, उनके यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में बिहार की महिलाओं को लेकर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और अलग-अलग समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा होने की आशंका है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नेताओं और वकीलों ने उठाई आवाज

इस मामले पर बिहार बीजेपी नेता ऋतु जायसवाल ने भी कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने मांग की है कि यश माहेश्वरी के खिलाफ बिहार के सभी 38 जिलों में एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उनका कहना है कि छठ जैसे बड़े पर्व और उससे जुड़ी परंपराओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने बिहार पुलिस, दिल्ली पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों से अपील की है कि वे यश माहेश्वरी के खिलाफ तुरंत संज्ञान लें, उचित मामले दर्ज करें और कानून के तहत उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। सुप्रीम कोर्ट की वकील अमिता सचदेवा ने कहा है कि उन्होंने कॉमेडियन को कानूनी नोटिस भेजा है और इसका पालन करने के लिए उन्हें 24 घंटे का समय दिया है।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article