देश

भारतीय रेलवे का दुनियाभर में बजा डंका, पंक्चुअलिटी के मामले में जर्मनी को भी पछाड़ा, 77 परसेंट ट्रेनें चल रहीं समय पर

Indian Railway Punctuality: देश में चलने वाली ट्रेनों की पंक्चुअलिटी यानी समय पर पहुंचने की दर बढ़कर 77 प्रतिशत हो गई है। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इस मामले में भारत ने जर्मनी को पीछे छोड़ दिया है। जर्मनी की ट्रेनों की Punctuality 72 प्रतिशत दर्ज की गई है

Image

भारतीय ट्रेन (@RailMinIndia)

Indian Railway Punctuality: भारतीय रेलवे की तस्वीर अब तेजी से बदल रही है। कभी ट्रेनों का लेट होना यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत हुआ करती थी, लेकिन अब रेलवे के आंकड़े एक नई कहानी सुना रहे हैं। देश में चलने वाली ट्रेनों की Punctuality यानी समय पर पहुंचने की दर बढ़कर 77 प्रतिशत हो गई है। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इस मामले में भारत ने जर्मनी को पीछे छोड़ दिया है। जर्मनी की ट्रेनों की Punctuality 72 प्रतिशत दर्ज की गई है। हालांकि, जापान अभी भी इस मामले में भारत से आगे है।

भारतीय रेलवे के लिए यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि देश में रोजाना हजारों ट्रेनें लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाती हैं। इतने विशाल नेटवर्क में ट्रेनों का समय पर चलना आसान काम नहीं है। रेलवे मंत्री के मुताबिक, देश के कई रेलवे डिवीजनों में Punctuality 90 प्रतिशत से भी ज्यादा दर्ज की गई है। कुछ डिवीजनों का प्रदर्शन तो 95 प्रतिशत के पार पहुंच गया है। रेलवे का कहना है कि ट्रेनों के रखरखाव, बेहतर संचालन और निगरानी व्यवस्था में सुधार का असर अब साफ दिखने लगा है।

जापान की बराबरी करना अभी बाकी

दुनिया में ट्रेन संचालन की बात हो और जापान का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। जापान की बुलेट ट्रेन शिंकानसेन अपनी समयबद्धता के लिए दुनियाभर में मिसाल मानी जाती है। सेंट्रल जापान रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में तोकाइदो शिंकानसेन की औसत देरी प्रति ट्रेन महज 1.4 मिनट रही। भारत ने जर्मनी को पीछे जरूर छोड़ दिया है, लेकिन जापान के स्तर तक पहुंचने के लिए अभी थोड़ा समय लगेगा।

कोरोना के झटके से उबरा रेलवे, बढ़ रही यात्रियों की संख्या

भारतीय रेलवे के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-27 में यात्रियों की संख्या करीब 800 करोड़ तक पहुंच सकती है। कोरोना से पहले 2019-20 में रेलवे ने 808.6 करोड़ यात्रियों को सफर कराया था। महामारी के दौरान यह आंकड़ा गिरकर 2020-21 में करीब 125 करोड़ रह गया था। इसके बाद यात्रियों की संख्या में लगातार सुधार हुआ और 2025-26 में यह बढ़कर करीब 740 करोड़ पहुंच गई। रेलवे के इतिहास में सबसे ज्यादा 843.9 करोड़ यात्रियों ने 2018-19 में सफर किया था।

AC कोच में सफर करने वालों की संख्या दोगुने से ज्यादा

रेलवे में सफर का ट्रेंड भी अब बदल रहा है। अब बड़ी संख्या में यात्री AC और उच्च श्रेणी के कोच को पसंद कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 2018-19 में उच्च श्रेणी के कोच में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या 17.9 करोड़ थी, जो 2024-25 में बढ़कर 36.2 करोड़ हो गई। यानी इस श्रेणी में यात्रियों की संख्या 102.2 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं, सेकंड क्लास मेल और एक्सप्रेस श्रेणी में भी यात्रियों की संख्या 8.7 प्रतिशत बढ़कर 163 करोड़ पहुंच गई। हालांकि, उपनगरीय और सेकंड क्लास ऑर्डिनरी श्रेणी में यात्रियों की संख्या अभी कोरोना से पहले के स्तर तक नहीं पहुंची है।

अब पहले से ज्यादा लंबा सफर कर रहे हैं यात्री

रेलवे के आंकड़ों में एक और दिलचस्प बदलाव सामने आया है। यात्रियों की कुल संख्या भले ही कोरोना से पहले के स्तर तक नहीं पहुंची हो, लेकिन अब लोग पहले के मुकाबले लंबी दूरी की यात्रा कर रहे हैं। 2018-19 में एक यात्री औसतन 137.1 किलोमीटर का सफर करता था, जबकि 2024-25 में यह दूरी बढ़कर 155.3 किलोमीटर हो गई।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article