यूटिलिटी

ChatGPT और Gemini से घर बैठे कैसे कमाएं पैसे? फ्री AI टूल्स का ऐसे करें इस्तेमाल

ChatGPT और Gemini सिर्फ इमेज बनाने और सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए है। इन दोनों एआई टूल का इस्तेमाल करके आप पैसे भी कमा सकते हैं। आइए हम आपको 7 तरीके बताते हैं।

Image

AI से कमाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ सवालों के जवाब देने या जानकारी हासिल करने तक सीमित नहीं है। इसकी मदद से आप घर बैठे कमाई का जरिया भी तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए आपको महंगे सॉफ्टवेयर या किसी बड़े निवेश की जरूरत नहीं है। ChatGPT और Google Gemini जैसे AI टूल्स के फ्री वर्जन की मदद से आप कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट, ग्राफिक डिजाइन, वीडियो स्क्रिप्ट और ऑनलाइन बिजनेस जैसे काम कर सकते हैं। अगर आप स्टूडेंट हैं, नौकरी करते हैं या घर बैठे अतिरिक्त कमाई करना चाहते हैं तो इन टूल्स का सही इस्तेमाल आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।

1. कंटेंट राइटिंग से शुरू कर सकते हैं कमाई

अगर आपको लिखने का शौक है तो ChatGPT और Gemini आपके लिए अच्छे टूल साबित हो सकते हैं। इनकी मदद से आप ब्लॉग पोस्ट, वेबसाइट आर्टिकल, प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन और सोशल मीडिया पोस्ट तैयार कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी वेबसाइट या छोटे बिजनेस को नियमित रूप से कंटेंट की जरूरत होती है। आप AI की मदद से शुरुआती ड्राफ्ट तैयार करके उसे खुद एडिट कर सकते हैं और क्लाइंट को दे सकते हैं। इसके बदले फ्रीलांस प्रोजेक्ट या प्रति आर्टिकल के हिसाब से पैसे कमा सकते हैं। हालांकि, AI से मिले कंटेंट को बिना जांचे सीधे इस्तेमाल न करें।

2. सोशल मीडिया मैनेजमेंट का काम करें

आज छोटे-बड़े बिजनेस अपने प्रोडक्ट और सर्विस को प्रमोट करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें फेसबुक, इंस्टाग्राम और दूसरे प्लेटफॉर्म के लिए नियमित पोस्ट, कैप्शन और कंटेंट आइडिया की जरूरत होती है। आप ChatGPT से पोस्ट के कैप्शन, हैशटैग और कंटेंट कैलेंडर तैयार करवा सकते हैं। वहीं Gemini की मदद से नए पोस्ट आइडिया और कैंपेन की प्लानिंग कर सकते हैं। इसके बाद किसी स्थानीय दुकान, रेस्टोरेंट या छोटे बिजनेस को सोशल मीडिया मैनेजमेंट की सर्विस देकर कमाई शुरू कर सकते हैं।

3. AI से फोटो और पोस्टर बनाकर कमाएं पैसे

अगर आपको ग्राफिक डिजाइनिंग नहीं आती है तो भी आप AI की मदद से इस काम की शुरुआत कर सकते हैं। ChatGPT और Gemini जैसे टूल्स से सोशल मीडिया पोस्ट, प्रमोशनल बैनर, पोस्टर और दूसरे क्रिएटिव डिजाइन तैयार करने में मदद मिल सकती है। आप इन डिजाइन को स्थानीय दुकानदारों, कोचिंग संस्थानों, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को बेच सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी दुकान के लिए दिवाली ऑफर का पोस्टर या किसी रेस्टोरेंट के लिए फूड प्रमोशन पोस्ट तैयार करके सर्विस दे सकते हैं।

4. YouTube वीडियो और रील्स की स्क्रिप्ट लिखें

YouTube और Instagram पर कंटेंट बनाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वीडियो की स्क्रिप्ट लिखने का काम भी कमाई का अच्छा जरिया बन सकता है। ChatGPT से वीडियो के टॉपिक, शुरुआती हुक, पूरी स्क्रिप्ट और टाइटल तैयार करवा सकते हैं। Gemini से भी नए विषयों पर रिसर्च और कंटेंट आइडिया लेने में मदद मिल सकती है। इसके बाद आप YouTubers और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को स्क्रिप्ट राइटिंग की सर्विस दे सकते हैं। चाहें तो खुद का चैनल या सोशल मीडिया पेज शुरू करके भी इस कंटेंट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

5. ट्रांसलेशन और रिज्यूमे बनाने का काम करें

अगर आपको हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं की अच्छी समझ है तो AI की मदद से ट्रांसलेशन का काम शुरू कर सकते हैं। ChatGPT और Gemini से किसी टेक्स्ट का अनुवाद कराने के बाद आप उसकी भाषा और व्याकरण को ठीक कर सकते हैं। इसी तरह नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए प्रोफेशनल रिज्यूमे, कवर लेटर और इंटरव्यू की तैयारी से जुड़ी सर्विस दे सकते हैं। AI की मदद से अलग-अलग जॉब प्रोफाइल के हिसाब से रिज्यूमे का शुरुआती ड्राफ्ट तैयार करना आसान हो जाता है।

6. छोटे बिजनेस के लिए डिजिटल सर्विस दें

आप अपने आसपास के छोटे कारोबारियों को AI आधारित सर्विस दे सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी दुकानदार के लिए प्रोडक्ट की जानकारी लिखना, WhatsApp प्रमोशनल मैसेज तैयार करना, ग्राहकों के सामान्य सवालों के जवाब बनाना और ऑफर की पोस्ट तैयार करना जैसे काम किए जा सकते हैं। इसके लिए ChatGPT और Gemini का इस्तेमाल करके कम समय में काम पूरा किया जा सकता है। शुरुआत में एक-दो स्थानीय कारोबारियों को अपनी सर्विस दिखाएं और काम पसंद आने पर नियमित प्रोजेक्ट लेने की कोशिश करें।

7. ChatGPT और Gemini का फ्री में कैसे करें इस्तेमाल?

इन दोनों AI टूल्स की शुरुआत करने के लिए आपको पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। ChatGPT को इसकी आधिकारिक वेबसाइट chatgpt.com पर जाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं Gemini के लिए gemini.google.com पर जाएं। Google अकाउंट की मदद से Gemini का फ्री वर्जन इस्तेमाल किया जा सकता है। दोनों प्लेटफॉर्म पर फ्री प्लान में कई सुविधाएं मिलती हैं, हालांकि इमेज जनरेशन, फाइल अपलोड और दूसरे एडवांस फीचर्स के इस्तेमाल की सीमाएं हो सकती हैं। ये लिमिट समय और प्लान के हिसाब से बदल सकती हैं।

8. AI से कमाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

सबसे जरूरी बात यह है कि ChatGPT या Gemini अपने आप आपको पैसे कमाकर नहीं देंगे। इन टूल्स को काम आसान बनाने वाले असिस्टेंट की तरह इस्तेमाल करना होगा। AI से तैयार कंटेंट की तथ्यात्मक जांच करें, उसमें जरूरी बदलाव करें और क्लाइंट को बेहतर क्वालिटी का काम दें। किसी दूसरे व्यक्ति का कॉपीराइट कंटेंट या निजी जानकारी बिना अनुमति इस्तेमाल न करें। शुरुआत में एक स्किल चुनें, उसके कुछ सैंपल तैयार करें और फ्रीलांसिंग प्लेटफॉर्म या सोशल मीडिया के जरिए क्लाइंट तलाशें। आपकी कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि आप कितनी अच्छी सर्विस देते हैं और कितने ग्राहक बना पाते हैं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article