एजुकेशन

किर्गिजस्तान से करना चाहते हैं मेडिकल की पढ़ाई, जान लें कैसे मिलेगा एडमिशन, बदल गया नियम

Kyrgyzstan MBBS Admission Rules Changed 2026: यदि आप भी किर्गिजस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए एडमिशन लेना चाहते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। यहां यहां के विदेश मंत्रालय के अनुसार, किर्गिजस्तान सरकार ने विदेशी छात्रों के प्रवेश और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक नई सरकारी संस्था का गठन किया है।

Image

Kyrgyzstan MBBS Admission Rules Changed 2026: किर्गिजस्तान में बदल गया एमबीबीएस में एडमिशन का नियम

Kyrgyzstan MBBS Admission Rules Changed 2026: विदेश में एमबीबीएस की पढ़ाई करने की योजना बना रहे भारतीय छात्रों के लिए किर्गिजस्तान से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। किर्गिज ने अपने यहां पर मेडिकल की पढ़ाई के लिए एडमिशन में बड़ा बदलाव किया है। यहां के विदेश मंत्रालय के अनुसार, किर्गिजस्तान सरकार ने विदेशी छात्रों के प्रवेश और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक नई सरकारी संस्था का गठन किया है। इस संस्था का नाम "इंटरनेशनल स्टूडेंट्स एडमिशन सेंटर" रखा गया है, जो विज्ञान, उच्च शिक्षा और नवाचार मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करेगी।

बता दें किर्गिजस्तान लंबे समय से भारतीय छात्रों के लिए एमबीबीएस की पढ़ाई का एक लोकप्रिय विकल्प रहा है। अपेक्षाकृत कम फीस, आसान एडमिशन प्रोसेस और बड़ी संख्या में उपलब्ध मेडिकल सीटों के कारण हर वर्ष हजारों भारतीय छात्र वहां मेडिकल शिक्षा के लिए जाते हैं।

किर्गिज की ओर से पारित प्रस्ताव

यह संस्था 19 मार्च 2026 को किर्गिज गणराज्य की मंत्रिपरिषद द्वारा पारित प्रस्ताव संख्या 189 के तहत बनाई गई है। इस केंद्र का उद्देश्य विदेशी छात्रों और किर्गिजस्तान के शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, विदेशी छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना तथा उच्च शिक्षा से संबंधित नियमों और व्यवस्थाओं को विकसित करना है। ऐसे में किर्गिजस्तान में मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक सभी भारतीय छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे वहां की मेडिकल शिक्षा व्यवस्था में हो रहे नवीनतम बदलावों और नियमों पर ध्यान दें तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आधिकारिक जानकारी को नियमित रूप से देखते रहें।

विश्वविद्यालय की पूरी जानकारी जानना जरूरी

बता दें विशेषज्ञों का कहना है कि विदेश में मेडिकल शिक्षा के लिए आवेदन करने से पहले छात्रों को संबंधित विश्वविद्यालय की मान्यता, पाठ्यक्रम की गुणवत्ता और वहां लागू नियमों की पूरी जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। इसके अलावा भारतीय नियामक संस्थाओं द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना भी आवश्यक है, ताकि भविष्य में डिग्री की मान्यता या लाइसेंसिंग से जुड़ी किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

ऑफिशियल जगह से ही जानकारी प्राप्त करें

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्र केवल ऑफिशियल जगह से ही जानकारी हासिल करें और किसी भी एजेंट या अनधिकृत माध्यम पर पूरी तरह निर्भर न रहें। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश लेने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेजों, मान्यता संबंधी नियमों और नवीनतम शैक्षणिक नीतियों की अच्छी तरह जांच कर लें।

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article