एजुकेशन

Jharkhand NEET UG Counselling 2026: काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी, 7 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन

झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने NEET UG 2026 काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही राज्य मेरिट लिस्ट तैयार करने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी आमंत्रित किए गए हैं।

Image

Jharkhand NEET UG Counselling 2026

Jharkhand NEET UG Counselling 2026: झारखंड में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस कोर्स में दाखिला लेने का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने NEET UG 2026 काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही राज्य मेरिट लिस्ट तैयार करने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी आमंत्रित किए गए हैं। जो उम्मीदवार NEET UG 2026 परीक्षा में सफल हुए हैं और झारखंड के सरकारी या निजी मेडिकल कॉलेजों में राज्य कोटा की सीट पर प्रवेश लेना चाहते हैं, वे 7 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक दोपहर 3 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पूरे होने के बाद 12 अगस्त को झारखंड NEET UG 2026 की राज्य मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके आधार पर उम्मीदवारों को काउंसलिंग में शामिल होने का मौका मिलेगा। इस बार काउंसलिंग चार चरणों में आयोजित की जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा योग्य उम्मीदवारों को सीट मिल सके।

पहला राउंड 13 अगस्त से शुरू होगा

पहले राउंड की काउंसलिंग के लिए उम्मीदवार 13 अगस्त से 19 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन और कॉलेजों की पसंद भर सकेंगे। इसके बाद 22 से 28 अगस्त के बीच सीट अलॉटमेंट किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट मिलेगी, उन्हें इसी अवधि में अपना अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करना होगा और संबंधित कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन कराकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इसके बाद दूसरा, तीसरा और स्ट्रे राउंड भी तय कार्यक्रम के अनुसार सितंबर और अक्टूबर में आयोजित किए जाएंगे। जिन उम्मीदवारों को पहले राउंड में सीट नहीं मिलेगी या जो नई सीट के लिए आवेदन करना चाहेंगे, उन्हें अगले राउंड में मौका मिलेगा।

आवेदन कौन कर सकता है?

काउंसलिंग में वही उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं जिन्होंने NEET UG 2026 परीक्षा पास की हो और झारखंड राज्य की निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हों। उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। साथ ही वह झारखंड का स्थानीय या स्थायी निवासी होना चाहिए। अभ्यर्थी की आयु 31 दिसंबर 2026 तक कम से कम 17 वर्ष होनी चाहिए।

शैक्षणिक योग्यता क्या चाहिए?

उम्मीदवार के पास भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान या जैव प्रौद्योगिकी तथा अंग्रेजी विषयों के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इन विषयों में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है, जबकि एससी, एसटी, बीसी-1, बीसी-2 और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।

आवेदन शुल्क और सिक्योरिटी मनी के बारे में

सामान्य, ईडब्ल्यूएस, बीसी-1 और बीसी-2 वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी, सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 250 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।

काउंसलिंग में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को सिक्योरिटी मनी भी जमा करनी होगी। सरकारी मेडिकल कॉलेजों के लिए सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 20,000 रुपये, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को 10,000 रुपये जमा करने होंगे।

अगर उम्मीदवार निजी या डीम्ड मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं, तो मेडिकल कॉलेज के लिए 2 लाख रुपये और डेंटल कॉलेज के लिए 1 लाख रुपये सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी। बोर्ड ने बताया है कि काउंसलिंग की अंतिम प्रक्रिया पूरी होने के तीन महीने के भीतर निर्धारित नियमों के अनुसार यह राशि वापस कर दी जाएगी।

ये भी पढ़ें

उम्मीदवार आवेदन करने से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और आवेदन फॉर्म में दी गई हर जानकारी सावधानी से भरें। अगर कोई अभ्यर्थी आरक्षण का लाभ लेना चाहता है, तो उसके पास निर्धारित प्रारूप में जारी वैध प्रमाण पत्र होना जरूरी है। काउंसलिंग से जुड़े सभी नए अपडेट और आगे की प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहना चाहिए।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article