JoSAA काउंसलिंग 2026 में भाग ले रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। आईआईटी रुड़की ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के कक्षा 12वीं (या समकक्ष) परीक्षा में निर्धारित न्यूनतम अंक नहीं हैं, वे फिलहाल अपनी पसंद के संस्थानों और पाठ्यक्रमों के लिए चॉइस फिलिंग कर सकते हैं और उनकी रैंक के आधार पर सीट आवंटन भी किया जाएगा। संस्थान ने कहा है कि जिन छात्रों के वर्तमान अंकों का प्रतिशत निर्धारित पात्रता से कम है, वे अभी भी काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। उनकी रैंक के अनुसार सीट आवंटित की जाएगी, लेकिन अंतिम प्रवेश के लिए उन्हें निर्धारित न्यूनतम अंकों वाली संशोधित मार्कशीट या स्कोर कार्ड 15 जुलाई 2026 तक जमा करना होगा।
क्या है पात्रता और कैसे मिली राहत
आईआईटी रुड़की द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सामान्य (General), ओबीसी-एनसीएल (OBC-NCL) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों के लिए 12वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग (PwD) श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 65 प्रतिशत निर्धारित की गई है।
छात्रों को कैसे मिली राहत
यह निर्णय उन छात्रों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिन्होंने पुनर्मूल्यांकन, कंपार्टमेंट परीक्षा, अंक सुधार या अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं के लिए आवेदन किया है और जिनके अंक बाद में बढ़ने की संभावना है। ऐसे छात्र अब जोसा काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर हुए बिना अपनी सीट सुरक्षित रखने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
आईआईटी ने जारी किया ईमेल आईडी
अभ्यर्थियों को अपनी संशोधित अंकतालिका ईमेल के माध्यम से भेजनी होगी। इसके लिए आईआईटी रुड़की ने orgjee@iitr.ac.in ईमेल आईडी जारी की है। संस्थान ने बताया कि छात्रों के संशोधित स्कोर कार्ड (मार्कशीट) प्राप्त होने के बाद संबंधित उम्मीदवार को चौथे राउंड की जोसा काउंसलिंग समाप्त होने पर आवंटित सीट पर प्रवेश दिया जाएगा।
छात्रों ने उठाए थे सवाल
दरअसल कई छात्रों ने यह सवाल उठाया था कि उनका चयन जेईई एडवांस्ड में हुआ है लेकिन कक्षा 12वीं के रिजल्ट में उनके 75 प्रतिशत नंबर नहीं आए हैं। इस व्यवस्था से हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी और वे पात्रता संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने तक प्रवेश प्रक्रिया में बने रह सकेंगे। हालांकि, उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संशोधित अंकपत्र जमा करना अनिवार्य होगा, अन्यथा उनका प्रवेश प्रभावित हो सकता है। अंतिम प्रवेश के लिए उन्हें निर्धारित न्यूनतम अंकों वाली संशोधित मार्कशीट या स्कोर कार्ड 15 जुलाई 2026 तक जमा करना होगा।
