एजुकेशन

Independence Day 2026: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर निबंध, भाषण और कविता: जो भर देगी युवाओं और छात्रों के मन में जोश

Independence Day 2026: भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस दौरान कई संस्थानों में भाषण, कविता और निबंध प्रतियोगिता होती है। ऐसे में आइए आपको इनके एक-एक सैंपल दें।

Image

Independence Day 2026 (Photo - AI)

Independence Day 2026: 15 अगस्त का दिन हर भारतीय के लिए गर्व, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। हर साल इस दिवस को धूमधाम से मनाया जाता है। वर्ष 2026 में भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। यह ऐतिहासिक अवसर न केवल हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करने का है, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों के लिए अपनी जिम्मेदारियों को समझने का भी एक अवसर है। आजादी के इस पावन पर्व पर स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में निबंध, भाषण और कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। यदि आप भी इस खास मौके पर अपने विचारों से देशभक्ति का अलख जगाना चाहते हैं, तो यहां निबंध, भाषण और कविता का एक-एक सैंपल दिया गया है।

80 वां स्वतंत्रता दिवस पर एक संक्षिप्त निबंध

भारत की आजादी का 80वां साल (80th Independence Day) इस बात का प्रमाण है कि विविधताओं से भरा हमारा देश आज दुनिया की एक अग्रणी महाशक्ति बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है। 15 अगस्त 1947 को जब हमें आजादी मिली, तो वह उपहार में नहीं मिली थी, बल्कि महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई और लाखों गुमनाम वीरों के संघर्ष का परिणाम थी कि आज हम एक स्वतंत्र भारत में जी रहे हैं।

आज के समय में स्वतंत्रता का अर्थ केवल विदेशी शासन से मुक्ति नहीं है, बल्कि गरीबी, अशिक्षा, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से भी मुक्ति है। 80 वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य संदेश देश के युवाओं के लिए यह है कि वह अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाए। जब भारत का छात्र तकनीकी, विज्ञान, खेल, शिक्षा और इनोवेशन में आगे बढ़ेगा, तभी हमारा देश 'विकसित भारत' के सपने को साकार कर पाएगा।

स्वतंत्रता दिवस पर भाषण

आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, योग्य शिक्षकगण और मेरे प्यारे सहपाठियों,

आप सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!

आज 15 अगस्त के इस अवसर पर, जब भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, तब यहां खड़े होकर बोलते हुए मेरा मन गर्व से भर उठा है। आज से ठीक 79 साल पहले, हमारे पूर्वजों ने एक ऐसा सपना देखा था जहां हर भारतीय सिर उठाकर जी सके। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आजादी की खुली हवा में सांस लेने का अवसर दिया।

लेकिन, आज हमें सबसे पहले खुद से एक सवाल पूछना होगा कि "आजादी का असली मतलब क्या है?"

आज की युवा पीढ़ी के लिए आजादी का मतलब केवल अधिकार पाना नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों को निभाना है। जिसमें हमारी जिम्मेदारी है अपने देश को साफ-सुथरा रखना है, कानून का पालन करना है, अपनी पढ़ाई और काम में ईमानदारी बरतें और समाज में भाईचारा बनाए रखे। देश को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करें। आज का भारत डिजिटल भारत है, युवाओं का भारत है। आइए, इस 80वें स्वतंत्रता दिवस पर हम सब यह संकल्प लें कि हम अपनी मेहनत, ईमानदारी और देशभक्ति से भारत को दुनिया का सबसे सशक्त और महान राष्ट्र बनाएंगे। जय हिंद! जय भारत!

युवाओं में जोश भरने वाली देशभक्ति कविता

गूंज रहा है नभ में तिरंगा,

आन-बान और शान का।

80वाँ यह पर्व कह रहा,

गाथा वीर बलिदान का॥

उठो युवा! अब जागो तुम,

नवयुग का निर्माण करो।

सपनों के भारत की खातिर,

कर्म-पथ पर प्रस्थान करो॥

ना जात-पात, ना धर्म-भेद,

हम सब भारतवासी हैं।

हिमगिरि सा मस्तक ऊंचा है,

हम नमन देश को करते हैं॥

रग-रग में हो देश प्रेम,

और हाथों में निर्माण रहे।

जब तक सूरज-चांद रहे,

अमर हमारा भारत देश रहे॥

जय हिंद!

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article