एजुकेशन

इंटरव्यू में पूछे गए 'Whats Your Work Style?' सवाल का जवाब कैसे दें? जानें प्रभावशाली आंसर तैयार करने का सटीक तरीका

अक्सर इंटरव्यू के दौरान हायरिंग मैनेजर द्वारा एक सवाल Whats Your Work Style? पूछा जाता है। इस सवाल को आम समझकर युवा साधारण सा जवाब दे देते हैं। लेकिन इसका सटीक जवाब नौकरी मिलने की संभावना बढ़ा सकता है। आइए आपको इसके सही आंसर कैसे करना है के बारे में बताएं।

Image

इंटरव्यू में Whats Your Work Style सवाल का जवाब कैसे दें (Photo - AI/Newsroom Verifed)

Interview Question Answer: जॉब इंटरव्यू के दौरान इंटरव्यूअर या हायरिंग मैनेजर ऐसे सवाल पूछते हैं जो आपके टेक्निकल ज्ञान से परे आपकी कार्यशैली और वर्क कल्चर को परखते हैं। ऐसा ही एक सबसे आम और महत्वपूर्ण सवाल है— "Whats your work style?" (आपकी काम करने की शैली या तरीका क्या है?)। यह सवाल सुनने में बहुत साधारण लग सकता है, लेकिन इसका सही जवाब यह तय करता है कि आप कंपनी की टीम और वहां के माहौल में कितनी आसानी से ढल सकते हैं। अक्सर उम्मीदवार इस सवाल का जवाब देते समय असमंजस में पड़ जाते हैं और बहुत ही सामान्य बातें कह देते हैं। यदि इस सवाल का जवाब एक सही रणनीति, उदाहरण और स्पष्टता के साथ दिया जाए, तो इंटरव्यूअर पर आपका बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। आइए इस फीचर लेख में समझते हैं कि इस सवाल का प्रभावी और स्मार्ट जवाब कैसे तैयार करना चाहिए।

इंटरव्यूअर क्यों पूछता है यह सवाल?

Whats Your Work Style सवाल का जवाब तैयार करने से पहले आपके लिए यह समझना और जानना जरूरी है कि इंटरव्यूअर ने आपसे यह सवाल क्यों किया है। इस सवाल के पीछे के मुख्य उद्देश्य क्या है और वह इसके माध्यम से आपसे क्या जानना चाहते हैं। एक बार आपने यह समझ लिया तो आपके लिए इसका सटीक उत्तर तैयार करना आसान हो जाएगा। इस सवाल से मुख्य तौर पर इंटरव्यूअर तीन बाते जानने की कोशिश करता है, जो इस प्रकार है -

टीम फिट - क्या आपकी काम करने की शैली कंपनी के माहौल और टीम की कार्यसंस्कृति से मेल खाती है?

स्व-जागरूकता - क्या आप अपनी ताकतों, काम करने के तरीकों और अपनी प्राथमिकताओं को अच्छी तरह समझते हैं?

समस्या समाधान और अनुकूलनशीलता - क्या आप दबाव में काम कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर अकेले व टीम के साथ मिलकर समान दक्षता से काम करने में सक्षम हैं?

कैसे तैयार करें प्रभावशाली आंसर

एक शानदार जवाब तैयार करने के लिए आप इन मुख्य बिंदुओं को अपने उत्तर में शामिल कर सकते हैं -

लचीलापन यह स्पष्ट करें कि आप आवश्यकतानुसार स्वतंत्र रूप से काम करने में भी कुशल हैं और टीम के साथ मिलकर काम करने में भी सहज हैं।

समय प्रबंधन और प्राथमिकताएं आप अपने काम की योजना कैसे बनाते हैं और डेडलाइन्स को कैसे पूरा करते हैं, इसका उल्लेख करें।

संचार शैली आप अपनी टीम और सीनियर्स के साथ विचारों के आदान-प्रदान और फीडबैक को लेकर कितने खुले और पारदर्शी हैं।

स्थिति के अनुसार जवाब देने के तरीके और उदाहरण

अगर आप टीम वर्क और कोलैबोरेटिव वर्क स्टाइल पर जोर देना चाहते हैं तो आप अपना जवाब कुछ इस प्रकार तैयार कर सकते हैं -"मेरी वर्क स्टाइल काफी हद तक सहयोगात्मक है। मुझे टीम के साथ मिलकर आइडियाज पर चर्चा करना और दूसरों के सुझावों से सीखना पसंद है। हालांकि, जब किसी प्रोजेक्ट को स्वतंत्र रूप से पूरा करना होता है, तो मैं अपने काम को प्राथमिकता देकर समय सीमा के भीतर पूरा करने पर केंद्रित रहता हूं।"

यदि आप व्यवस्थित और योजनाबद्ध तरीके से काम करते हैं तो आप इस तौर पर अपना आंसर तैयार करें- "मेरी काम करने की शैली काफी व्यवस्थित और परिणाम-उन्मुख है। मैं दिन की शुरुआत अपने कार्यों की प्राथमिकता तय करके करता हूं। इससे मुझे कठिन से कठिन टास्क को भी आसानी से प्रबंधित करने और काम की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है।"

यदि आप बदलती परिस्थितियों के अनुकूल काम करते हैं तो अपने जवाब को इस इस उदाहरण के तौर पर तैयार करें- "मैं एक लचीली वर्क स्टाइल रखता हूं। जब परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं या कोई नया प्रोजेक्ट आता है, तो मैं नई तकनीकों को सीखने और नई रणनीतियों को अपनाने के लिए हमेशा तैयार रहता हूं।"

क्या करने से बचें?

केवल यह कह देना कि "मैं बहुत हार्डवर्किंग हूं" पर्याप्त नहीं है। इसके बजाय बताएं कि आप उस हार्डवर्क को कैसे लागू करते हैं। यदि आप किसी ऐसे स्टार्टअप में इंटरव्यू दे रहे हैं जहां बहुत तेज गति और टीम-वर्क की जरूरत है, तो यह न कहें कि आप केवल अकेले रहकर ही शांत माहौल में काम कर सकते हैं। ऐसा जवाब न दें जो आपकी वास्तविक कार्यशैली से बिल्कुल मेल न खाता हो, क्योंकि आगे चलकर काम करते समय आपकी असल शैली सामने आ ही जाती है। एक सही और रणनीतिक जवाब नौकरी मिलने की संभावना को बढ़ा सकता है।
Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article