School Closed due to Heavy Rain in Gujarat: भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए गुजरात राज्य के ज्यादातर हिस्सों में 31 जुूलाई को शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है। पहले खबर केवल अहमदाबाद के लिए आई थी, लेकिन धीरे-धीरे अधिकतर जिलों के स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। अवकाश की घोषणा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने कलेक्टर के निर्देश पर की गई है। (Ahmedabad School Closed) आदेश के अनुसार, सरकारी, अनुदानित, गैर-अनुदानित प्राथमिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ शहर के सभी कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। प्रशासन ने कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि अवकाश की जानकारी तत्काल शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों तक व्हाट्सएप, एसएमएस, फोन कॉल या अन्य उपलब्ध माध्यमों से पहुंचाई जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों को लेकर कोई भी निर्णय मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार ही लागू किया जाएगा।
अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुजरात में अगले चार दिनों तक भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अहमदाबाद समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट (Red Alert) घोषित किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार (31 July) को अहमदाबाद में 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है, जबकि नर्मदा जिले में 12 इंच तक वर्षा का अनुमान जताया गया है। अगले दो दिनों तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
विभाग के अनुसार, राज्य में इस समय डीप डिप्रेशन, मॉनसून ट्रफ, शियर जोन, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ऑफशोर ट्रफ सक्रिय हैं, जिसके कारण व्यापक और अत्यधिक बारिश की स्थिति बनी हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Gujarat School Closed: अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, राज्य के ज्यादातर जगह स्कूल-कॉलेजों में हुए बंद
वडोदरा में स्कूल बंद, Vadodara School Closed
वडोदरा में भी कल यानी 31 जुलाई को स्कूल-कॉलेज बंद की खबर आ गई। यहां अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कलेक्टर अनिल धामेलिया ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन और अधिक मजबूत हो सकता है। यही कारण है कि सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग क्लास और पॉलिटेक्निक संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्क फ्रॉम होम लागू
कंपनियों और संस्थानों से जहां संभव हो, कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम लागू करने की अपील की गई है। देर रात से अगले दिन तक तेज बारिश और 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
भरूच में सभी शिक्षण संस्थान बंद
भरूच जिला प्रशासन ने जिला कलेक्टर के निर्देश पर सरकारी, अनुदानित, गैर-अनुदानित, CBSE और ICSE स्कूलों, आईटीआई और सभी कॉलेजों में 31 जुलाई को शैक्षणिक कार्य पूरी तरह बंद रखने का आदेश जारी किया है। लगातार हो रही बारिश और अगले 24 घंटों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सूरत में स्कूल, कॉलेज, आंगनवाड़ी और आईटीआई बंद
सूरत जिला शिक्षा विभाग ने भी शहर और ग्रामीण क्षेत्र में 31 जुलाई को स्कूलों, आंगनवाड़ियों, कॉलेजों और आईटीआई संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। यह आदेश विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी कर्मचारियों पर भी लागू रहेगा।
सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने परीक्षाएं की स्थगित
सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने 31 जुलाई को आयोजित होने वाली ऑन डिमांड, B.O.Th, BHMS सहित सभी परीक्षाएं फिलहाल स्थगित कर दी हैं। यूनिवर्सिटी ने बताया कि आनंद जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद यह फैसला लिया गया है। परीक्षाओं की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
नर्मदा में शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश
नर्मदा जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर जिले की सभी आंगनवाड़ियों, प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों, आईटीआई तथा कॉलेजों में 31 जुलाई को शैक्षणिक कार्य बंद रखने का निर्देश दिया है।
इन जिलों में भी छुट्टी घोषित
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए 31 जुलाई को निम्न जिलों में भी स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है:
- नवसारी
- तापी
- डांग
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
इन जिलों में रेड अलर्ट
ऊपर बताए गए जगहों के अलावा इन जगहों के लिए भी रेड अलर्ट जारी:- बोटाद, जामनगर, आनंद, वडोदरा, छोटाउदेपुर, वलसाड, दमन तथा दादरा एवं नगर हवेली में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
- वहीं सुरेंद्रनगर, राजकोट, अमरेली, गांधीनगर, खेड़ा, पंचमहल और दाहोद में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
