एजुकेशन

Bengaluru H1N1 Update: बेंगलुरु के स्कूल में 500 से ज्यादा छात्र बीमार, 21 स्टाफ भी चपेट में, दो H1N1 केस की पुष्टि

बेंगलुरु के एक स्कूल में बड़ी संख्या में छात्रों और स्टाफ के फ्लू जैसे लक्षणों से बीमार पड़ने के बाद स्वास्थ्य संबंधी चिंता बढ़ गई है। 500 से ज्यादा छात्रों और 21 स्टाफ सदस्यों के बीमार होने की खबर है। इनमें बुखार, सर्दी, खांसी और शरीर में दर्द जैसे लक्षण बताए गए हैं।

Image

बेंगलुरु के स्कूल में 500 बच्चे बीमार, H1N1 के 2 केस मिले

बेंगलुरु के एक स्कूल में बड़ी संख्या में छात्रों और स्टाफ के फ्लू जैसे लक्षणों से बीमार पड़ने के बाद स्वास्थ्य संबंधी चिंता बढ़ गई है। रिचर्ड्स टाउन स्थित Clarence High School में 500 से ज्यादा छात्रों और 21 स्टाफ सदस्यों के बीमार होने की खबर है। इनमें बुखार, सर्दी, खांसी और शरीर में दर्द जैसे लक्षण बताए गए हैं। स्कूल प्रशासन के मुताबिक, दो H1N1 मामलों की पुष्टि भी हुई है। फिलहाल Clarence High School में स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। 500 से ज्यादा छात्रों के बीमार पड़ने और दो H1N1 मामलों की पुष्टि के बाद स्कूल प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों की प्राथमिकता संक्रमण को आगे फैलने से रोकना है।

18 अगस्त तक ऑफलाइन क्लास बंद

स्कूल की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि बीमारी के लक्षण तेजी से सामने आए। एक स्टाफ सदस्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की गई है। स्थिति को देखते हुए स्कूल ने एहतियाती कदम उठाते हुए 18 अगस्त तक ऑफलाइन कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। स्कूल प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य संक्रमण को और फैलने से रोकना है।

स्कूल के आसपास स्वच्छता पर भी सवाल

स्कूल प्रशासन ने स्कूल के आसपास मौजूद स्ट्रीट फूड स्टॉल और अन्य दुकानदारों को लेकर भी चिंता जताई है। स्कूल का आरोप है कि आसपास कचरा जमा होने और साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं होने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकता है। स्कूल ने स्थानीय प्रशासन से आसपास के खाद्य विक्रेताओं की स्वास्थ्य और स्वच्छता जांच कराने की मांग की है।

H1N1 यानी स्वाइन फ्लू क्या है?

H1N1 एक प्रकार का इन्फ्लुएंजा वायरस है, जिसे आमतौर पर स्वाइन फ्लू के नाम से भी जाना जाता है। इसके लक्षण सामान्य फ्लू जैसे हो सकते हैं, जिनमें बुखार, खांसी, गले में खराश, सर्दी और शरीर में दर्द शामिल हैं।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article