एजुकेशन

Greece में क्या है स्टडी वीजा का नियम? भारतीय छात्रों को इन बातों का रखना है ध्यान

Greece से उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले भारतीय छात्रों के लिए केवल वहां एडमिशन लेना काफी नहीं है, बल्कि वहां के वीजा नियमों के बारे में जानना और पालन करना भी अनिवार्य है। आइए आपको वीजा के बारे में विस्तार से बताएं।

Image

Greece Visa Rules (Photo - AI)

यूरोप के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध देश ग्रीस (Greece) भारत के साथ-साथ अन्य विदेशी छात्रों में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। किफायती ट्यूशन फीस, अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और रहने के कम खर्च के कारण ग्रीस एक बेहतरीन स्टडी डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। लेकिन आपको बता दें कि ग्रीस से शिक्षा प्राप्त करने के लिए केवल वहां के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में एडमिशन लेना ही काफी नहीं है। बल्कि सही वीजा प्रक्रिया को समझना और ग्रीक वीजा नियमों का पालन करना और उसे प्राप्त करना भी अति आवश्यक है। एडमिशन लेने का बाद अगर आपको वीजा (Study Visa) नहीं मिलता है तो आप यहां शिक्षा प्राप्त नहीं कर सकते हैं। यदि आप भी ग्रीस में पढ़ाई का सपना देख रहे हैं, तो वीजा आवेदन से जुड़ी सभी आवश्यक शर्तों और नियमों को ध्यान से समझना होगा।

ग्रीस में पढ़ाई के लिए कौन-सा वीजा है आवश्यक?

ग्रीस में पढ़ाई के लिए दो प्रकार के वीजा बनाए जाते हैं। एक शॉर्ट टर्म कोर्स के लिए होता है और एक लंबी अवधि के लिए होता। दोनों वीजा की जानकारी इस प्रकार है -

Type D Visa - यदि आप 90 दिनों से अधिक अवधि के डिग्री या डिप्लोमा कोर्स के लिए ग्रीस जा रहे हैं, तो आपको नेशनल वीजा (Type D Visa) के लिए आवेदन करना होगा। टाइप D वीजा लंबी अवधि के अध्ययन के लिए जारी किया जाता है। आमतौर पर यह वीजा शुरुआत में 90 दिन से लेकर 1 वर्ष के लिए मान्य होता है।

Type C Visa - यदि आप शॉर्ट टर्म के कोर्स के लिए ग्रीस जाना चाहते हैं तो आपको टाइप सी वीजा के लिए आवेदन करना होगा। यह वीजा 90 दिन से कम के लिए होता है।

रेजिडेंस परमिट - ग्रीस में पढ़ने के लिए केवल एडमिशन और वीजा ही काफी नहीं है। आपको यहां का रेजिडेंस परमिट भी लेना अनिवार्य है। जी हां, छात्र को ग्रीस पहुंचने के 30 दिनों के भीतर स्थानीय इमिग्रेशन ऑफिस में जाकर 'रेजिडेंस परमिट' के लिए आवेदन करना होता है, जिसे कोर्स की अवधि के अनुसार हर साल रिन्यू कराया जा सकता है।

भारतीय छात्रों के लिए आवश्यक दस्तावेज

नई दिल्ली में स्थित ग्रीस एम्बेसी या मुंबई में स्थित कॉन्सुलेट में आवेदन करते समय उम्मीदवारों के पास आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां और वेरिफाइड कॉपी होना अनिवार्य है -

वैध पासपोर्टपासपोर्ट की वैधता आपके रुकने की अवधि से कम से कम 3 महीने अधिक होनी चाहिए।
एडमिशन लेटरग्रीस के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से प्राप्त आधिकारिक एडमिशन लेटर।
प्रूफ ऑफ फंडछात्र को यह साबित करना होगा कि उनके पास रहने और पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए पर्याप्त फंड है (लगभग €7,000 से €7,200 प्रति वर्ष का बैंक बैलेंस या आधिकारिक स्पॉन्सरशिप पत्र)।
एजुकेशनल सर्टिफिकेटपूर्व में की गई पढ़ाई के सभी सर्टिफिकेट और मार्कशीट (आवश्यकतानुसार एपेस्टिल / एम्बेसी से अटेस्टेड)।
हेल्थ इंश्योरेंसकम से कम €30,000 (करीब 32,95,740 रुपये) के कवरेज वाली इंटरनेशनल ट्रेवल एवं मेडिकल इंश्योरेंस पॉलिसी।
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेटआवेदक का आपराधिक रिकॉर्ड न होने का प्रमाण पत्र।
मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेटकिसी सरकारी/मान्यता प्राप्त अस्पताल द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र।

वीजा आवेदन की प्रक्रिया

स्टेप 1: मान्यता प्राप्त ग्रीक यूनिवर्सिटी से एडमिशन कन्फर्मेशन लेटर प्राप्त करें।

स्टेप 2: सभी आवश्यक दस्तावेजों और अटेस्टेशन को पूरा करें।

स्टेप 3: ग्रीक एम्बेसी या वीएफएस (VFS Global) पोर्टल के माध्यम से अपॉइंटमेंट बुक करें।

स्टेप 4: निर्धारित तिथि पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बायोमेट्रिक डेटा (फिंगरप्रिंट) जमा करें और वीजा इंटरव्यू दें।

स्टेप 5: लगभग €90 से €100 (करीब 9,888.93 या 10,987 रुपये) की वीजा फीस का भुगतान करें।

भारतीय छात्रों के लिए ध्यान रखने योग्य बातें

- ग्रीस स्टडी वीजा प्रोसेसिंग में आमतौर पर 2 से 4 हफ्ते का समय लगता है। इसलिए अपने कोर्स की शुरुआत से कम से कम 2-3 महीने पहले आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दें।

- ग्रीस में अंतरराष्ट्रीय छात्रों को पढ़ाई के दौरान प्रति सप्ताह अधिकतम 20 घंटे और छुट्टियों के दौरान फुल-टाइम काम करने की कानूनी अनुमति होती है।

- यदि आपका कोर्स अंग्रेजी माध्यम में है, तो आपको IELTS या TOEFL का स्कोर दर्ज करना पड़ सकता है, जबकि ग्रीक भाषा के कोर्स के लिए भाषा प्रमाण पत्र आवश्यक है।

भारतीय छात्र वीजा और वहां पढ़ाई के लिए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं और अच्छी एजुकेशन के साथ एक बेहतरीन करियर की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article