एजुकेशन

सीएम योगी की बच्चों के नाम चिट्ठी, असफलता से न हों निराश, दिया 'चरैवेति-चरैवेति' का मंत्र

यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम चिट्ठी लिखकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया है। उन्होंने कहा कि मेरी यह पाती विशेषकर उन बच्चों के लिए है, जो किन्हीं कारणों से अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाये हैं।

Image

CM Yogi Letter To Students: सीएम योगी की बच्चों की चिट्ठी

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) ने यूपी बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परिणाम 23 अप्रैल को शाम 4 बजे घोषित किए गए। यहां हाईस्कूल का पास पर्सेंटेज 90.42% दर्ज किया गया है, जबकि इंटरमीडिए में 80.38% छात्र पास हुए हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम चिट्ठी लिखकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया है। उन्होंने कहा यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम आ चुके हैं। इस वर्ष का परीक्षाफल अत्यंत उत्साहजनक है।

मेरी यह पाती, विशेषकर उन बच्चों के लिए है, जो किन्हीं कारणों से अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाये। सफलता और असफलता जीवन के अंग हैं। सफलता हमें उत्साहित करती है, लेकिन असफलता से निराशा घर कर सकती है। बस, हमें इसी निराशा को हटाकर 'चरैवेति-चरैवेति' के मंत्र पर आगे बढ़ना है।

'चलते रहो-चलते रहो' का यह सूत्र वाक्य हमें निरंतर परिश्रम, प्रगति और जीवन में न रुकने का संदेश देता है। कोई भी परिणाम जीवन का पहला और अंतिम नहीं होता, अपितु एक नए आरंभ का अवसर होता है। सोना तपकर ही कुंदन बनता है।

सीएम योगी ने महान आविष्कारक थॉमस अल्वा एडिसन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने बल्ब का आविष्कार करने के लिए हजारों प्रयोग किये। हर प्रयोग नाकाम रहा, लेकिन एडिसन ने प्रयास जारी रखे। आखिरकार मेहनत रंग लाई और उन्होंने बल्ब का आविष्कार करके पूरी दुनिया को आलोकित किया। विश्व के सर्वश्रेष्ठ गणितज्ञों में एक श्रीनिवास रामानुजन से लेकर ऐसी कई अन्य महान विभूतियां हुईं, जिन्होंने बाधाओं एवं असफलताओं से हार नहीं मानी, बल्कि अपने क्षेत्र में शिखर पर पहुंचे।

अभिभावकों को सीएम योगी की सलाह

प्रिय अभिभावकों, कुछ बातें मैं आपसे भी कहना चाहता हूं। बच्चे देश का भविष्य हैं। यदि किसी कारणवश वे अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाये, तो निराश होने के बजाय उनका हौसला बढ़ायें। उनकी रुचि किस विषय में है, इसे समझने का प्रयास करें। ऐसे कई क्षेत्र हैं, जहां करियर निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। इन अवसरों को पहचानने में बच्चों की मदद करें। उनकी प्रतिभा को खिलने दें।

कुल इतने पर्सेंट छात्र पास

बता दें इस वर्ष कक्षा 12 का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 80.38 प्रतिशत रहा, जबकि कक्षा 10 का उत्तीर्ण प्रतिशत 90.42 प्रतिशत है। कक्षा 12 में शीर्ष स्थान पाने वालों में शिखा वर्मा (पहला स्थान), नंदनी गुप्ता और श्रिया वर्मा (दूसरा स्थान), और सुरभि यादव और पूजा (तीसरा स्थान) शामिल हैं। कक्षा 10 में शीर्ष स्थान पाने वालों में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा (पहला स्थान), अदिति (दूसरा स्थान), और अर्पिता, ऋषभ साहू और परी वर्मा (तीसरा स्थान) शामिल हैं।

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article