Chattisgarh Summer Vacation 2026 : छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की छुट्टी की घोषणा कर दी है। इस बारे में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी स्कूलों में 20 अप्रैल से लेकर 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश (Chattisgarh School Closed) रहेगा। ये फैसला बच्चों की सुरक्षा की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। (Summer Vacation 2026) सीएम ने कहा कि राज्य में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए सरकार ने छुट्टी घोषित की है।
क्या बोले मुख्यमंत्री ?
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने ये फैसला लिया है। सीएम ने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकारी ने स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्व निर्धारित तिथि से पहले ही लागू करते हुए अब 20 अप्रैल से लेकर 15 जून तक अवकाश घोषित किया है। ताकि इस भीषण गर्मी में बच्चों की सेहत अच्छी रहे।
ट्वीट कर सीएम ने दी जानकारी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ट्वीट किया, 'राज्य में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए, बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना सर्वोपरि है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए, हमारी सरकार ने बच्चों को इस भीषण गर्मी से सुरक्षित रखने के लिए, स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियों को पहले से तय तारीख (20 अप्रैल से 15 जून) तक बढ़ा दिया है।'
कई जिलों में बढ़ रहा तापमान
बता दें कि पिछले कई दिनों से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग भी भीषण गर्मी की चेतावनी जारी कर रहा है। ऐसे में लू की आशंका को भी देखते हुए ये कदम उठाया गया है। इससे स्कूली बच्चों और अभिभावकों को राहत मिलेगी। भीषण गर्मी से बच्चों की सेहत पर उल्टा असर पड़ सकता है। ऐसे में छात्रों की सुरक्षा और सेहत को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।
