एजुकेशन

CBSE OSM विवाद: सार्थक सिद्धांत की पड़ताल से हिला शिक्षा तंत्र, राहुल गांधी बोले यही है भारत की असली युवा शक्ति

CBSE OSM Controversy: झारखंड रांची के एक 17 वर्षीय छात्र सार्थक सिद्धांत ने अपने ब्लॉग के जरिए सीबीएसई के ओएसएम सिस्टम का पर्दाफाश किया है। राहुल गांधी ने इस मामले में सार्थक सिद्धांत व उनके दोस्त निसर्ग की जमकर तारीफ की है। साथ ही उन्होंने सार्थक सिद्धांत के साथ मुलाकात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।

Image

राहुल गांधी ने CBSE OSM का पर्दाफाश करने वाले सार्थक के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो साझा की

CBSE OSM Controversy: सीबीएसई ओएसएम प्रणाली को लेकर लगातार विवाद बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिनों झारखंड रांची के एक 17 वर्षीय छात्र सार्थक सिद्धांत ने अपने ब्लॉग के जरिए एक ऐसी पड़ताल सामने रखी थी, जिसने शिक्षा विभाग की नींव हिला (CBSE OSM Portal) दी थी। वहीं कांग्रेस के प्रमुख राहुल गांधी ने इस मामले में सार्थक सिद्धांत व उनके दोस्त निसर्ग की जमकर तारीफ की है। उन्होंने सीबीएसई और कोएम्प्ट के बीच मिलीभगत का पर्दाफाश करने वाले छात्र सार्थक सिद्धांत और उनके सहयोगी निसर्ग अधिकारी की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहते हैं कि युवा रील बनाते रहें और पकौड़े तलते रहें, लेकिन इन दोनों युवाओं ने सवाल उठाए और जवाब भी ढूंढ़ निकाले।

राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह सार्थक सिद्धांत के साथ अपनी मुलाकात का एक वीडियो ट्विटर पर साझा किया, जो सीबीएसई की ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम (OSM) से प्रभावित 18 वर्षीय छात्र है, जिसने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं में ओएसएम प्रक्रिया के लिए वेंडर के चयन की टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की ओर इशारा किया है।

राहुल गांधी ने सार्थक की जमकर तारीफ की

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, सार्थक 18 साल का है पर सोच, साहस और सिद्धांत में किसी से कम नहीं। उसने और उसके साथी निसर्ग ने वो कर दिखाया जो देश के बड़े मीडिया प्रतिष्ठान, खोजी पत्रकार नहीं कर पाए सीबीएसई और कोएम्प्ट की मिलीभगत को देश के सामने रख दिया।

भारत की असली युवा शक्ति - जिज्ञासु, जागरूक, जानकार: राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि देश का 18 साल का बच्चा सीबीआई से तेज निकला, नौजवानों की ये जीत सही मायने में सरकार की हार है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, मोदी जी चाहते हैं हमारे युवा रील बनाते रहें, पकौड़े तलते रहें, सवाल न पूछें, आंखें न खोलें। पर इन बच्चों ने सवाल भी पूछे और जवाब भी ढूंढ़ निकाले। उन्होंने कहा, यही है भारत की असली युवा शक्ति - जिज्ञासु, जागरूक, जानकार। और याद रखिए, देश का भविष्य किसी बहकावे में नहीं आएगा।

सीबीएसई ने कोएम्प्ट एडुटेक कंपनी को ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम (ओएसएम) का ठेका दिया था। बारहवीं कक्षा के परिणाम में कथित अनियिमितताओं के बाद यह विवादों में घिर गई। ओएसएम विवाद के बाद सरकार ने सीबीएसई के दो शीर्ष अधिकारियों को हटा दिया है, हालांकि कांग्रेस ने इसे दिखावा और लीपापोती करार दिया है। राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने और तत्काल स्वतंत्र न्यायिक जांच का आदेश देने की मांग की है। वीडियो में गांधी ने सिद्धांत से पूछा कि उन्होंने ओएसएम टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के बारे में कैसे पता लगाया। गांधी ने खोजी पत्रकार की भूमिका के लिए सिद्धांत की सराहना भी की।

इनपुट - भाषा

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article