CBSE बोर्ड परीक्षा के बाद जो छात्र अपनी कॉपियों की स्क्रूटनी, वेरिफिकेशन या रिवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर रहे हैं, उनके लिए एक बेहद जरूरी और राहत की खबर है। बोर्ड ने इस बार आवेदन प्रक्रिया और फीस भुगतान यानी पेमेंट को बेहद सरल और डिजिटल-फ्रेंडली बना दिया है। सुबह तक के आंकड़ों के अनुसार, हजारों छात्र बिना किसी तकनीकी परेशानी के इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। बता दें कि बोर्ड ने इसे छात्रों के लिए आसान करने के लिए चार बड़े बैंकों के पेमेंट गेटवे उपलब्ध कराएं है।
चार बड़े बैंकों के हाथ में सीबीएसई पेमेंट गेटवे की कमान
सीबीएसई के वेरिफिकेशन और रिवैल्यूएशन पोर्टल पर फीस जमा करने के लिए देश के चार बड़े और प्रतिष्ठित बैंकों के पेमेंट गेटवे उपलब्ध कराए गए हैं।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI)
केनरा बैंक (Canara Bank)
बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda)
इंडियन बैंक (Indian Bank)
इस सुविधा का उपयोग करने के लिए छात्रों या अभिभावकों का इन बैंकों में अकाउंट होना बिल्कुल अनिवार्य नहीं है। ये केवल पेमेंट गेटवे हैं, जिसका मतलब है कि आप किसी भी बैंक के कार्ड या अकाउंट से अपनी फीस सुरक्षित रूप से जमा कर सकते हैं।
ऑनलाइन पेमेंट के लिए मिलेंगे कई सारे ऑप्शन
बीते दिनों हुई दिक्कतों और छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने डिजिटल भुगतान के सभी प्रमुख माध्यमों को पोर्टल पर लाइव कर दिया है। उम्मीदवार अपनी मर्जी के अनुसार, निर्धारित गेटवे का चयन करने के बाद नीचे दिए गए किसी भी ऑनलाइन विकल्प से पेमेंट प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए उनके पास दिए गए सभी ऑप्शन उपलब्ध हैं-
UPI - गूगल पे, फोनपे या पेटीएम जैसे ऐप्स के जरिए तुरंत भुगतान।
नेट बैंकिंग - अपने किसी भी बैंक के इंटरनेट बैंकिंग लॉग-इन के माध्यम से।
क्रेडिट कार्ड / डेबिट कार्ड - अपने एटीएम या क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स दर्ज करके।
अब तक 40,000 से अधिक सफल आवेदन
बोर्ड द्वारा तैयार किया गया यह नया सिस्टम बेहद सुचारू रूप से काम कर रहा है। सीबीएसई द्वारा आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक, आज सुबह 9:30 बजे तक लगभग 40,000 छात्र इस ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। इन सभी छात्रों ने बिना किसी सर्वर एरर या तकनीकी समस्या के अपनी आवेदन प्रक्रिया और फीस भुगतान को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
