CBSE makes Aadhaar Verification Mandatory for Security: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए री-वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने सुबह 4 बजकर 42 मिनट पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी दी कि अब प्रक्रिया सुचारू है। बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर घोषणा करते हुए बताया कि आवेदन पोर्टल अब लाइव हो चुका है और छात्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने अंकों के सत्यापन तथा पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। सीबीएसई ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन करें और किसी भी अनधिकृत लिंक या वेबसाइट से बचें। साथ ही अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
अब आधार कार्ड जरूरी
सीबीएसई द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस बार आवेदन प्रक्रिया में सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आधार सत्यापन (Aadhaar Verification) को शामिल किया गया है। हालांकि बोर्ड ने उन छात्रों के लिए भी व्यवस्था की है जिनके पास स्वयं का आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है। ऐसे छात्र अपने माता-पिता, अभिभावक या किसी निकट संबंधी के आधार नंबर का उपयोग कर सकते हैं। बोर्ड का कहना है कि इससे छात्रों की पहचान सुनिश्चित करने और आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
अगर आधार नहीं तो क्या करें
सीबीएसई के अनुसार, यदि छात्र किसी अन्य व्यक्ति के आधार नंबर का उपयोग करते हैं, तो आवेदन के दौरान दर्ज किया जाने वाला नाम, जन्मतिथि और लिंग उसी व्यक्ति का होना चाहिए, जिसका आधार नंबर इस्तेमाल किया जा रहा है।
बता दें कि परिणाम जारी होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र अपने प्राप्त अंकों को लेकर पुनः जांच की मांग करते हैं। ऐसे छात्रों को सीबीएसई तीन प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध कराता है। इनमें अंकों का सत्यापन (Verification of Marks), उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करना और विशिष्ट प्रश्नों के पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) के लिए आवेदन करना शामिल है।
