केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने स्कूलों, शिक्षकों और छात्रों के लिए दो अलग-अलग महत्वपूर्ण नोटिस जारी किए हैं। इनमें से एक नोटिस NISHTHA कोर्स से जुड़ा है, जबकि दूसरे में DIKSHA प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध 845 से ज्यादा Virtual Labs और डिजिटल लर्निंग रिसोर्सेज की जानकारी दी गई है। CBSE ने स्कूलों से कहा है कि वे इन जानकारियों को शिक्षकों और छात्रों तक पहुंचाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन सुविधाओं का फायदा उठा सकें। जानें दोनों नोटिस के बारे में
CBSE की ओर से जारी पहले नोटिस में शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों को NISHTHA के विभिन्न कोर्स में नामांकन करने के लिए कहा गया है। NISHTHA यानी National Initiative for School Heads' and Teachers' Holistic Advancement एक प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम है। इसका उद्देश्य शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों की क्षमता और कार्यकुशलता को बेहतर बनाना है। 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए ये कोर्स अप्रैल से अक्टूबर 2026 के चक्र के तहत उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये कोर्स CIET-NCERT के माध्यम से NISHTHA Category II और Category III के तहत संचालित किए जा रहे हैं।
Category II में कौन से कोर्स हैं?
NISHTHA Category II यानी Proficiency Courses के तहत दो कोर्स उपलब्ध हैं। इनमें
- NISHTHA Foundational Literacy and Numeracy (FLN) और
- NISHTHA Early Childhood Care and Education (ECCE) शामिल हैं।
Category III में ये कोर्स उपलब्ध
NISHTHA Category III यानी Advanced Courses के तहत कई विषयों पर कोर्स कराए जा रहे हैं। इनमें
- Cyber Hygiene Practices: Personal Digital Devices, Environmental Hazards of Electronic Waste (E-waste), Action Research, Catch the Rain (English) और
- Catch the Rain (Hindi) शामिल हैं।
DIKSHA पर 845 से ज्यादा Virtual Labs
CBSE ने अपने दूसरे नोटिस में स्कूलों को DIKSHA प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध 845 से ज्यादा Virtual Labs और डिजिटल लर्निंग रिसोर्सेज के बारे में बताया है। इन संसाधनों को शिक्षा मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से CIET-NCERT के माध्यम से तैयार किया गया है। इनमें मुख्य रूप से विज्ञान और गणित से संबंधित सामग्री शामिल है और इन्हें NCERT के पाठ्यक्रम के अनुसार तैयार किया गया है। इन Virtual Labs की मदद से छात्र कई विषयों और अध्यायों को डिजिटल माध्यम से समझ सकते हैं। इससे केवल किताब पढ़ने के बजाय प्रयोग और गतिविधि आधारित तरीके से सीखने का अवसर मिलता है।
QR Code स्कैन करके भी कर सकते हैं इस्तेमाल
छात्रों के लिए इन डिजिटल संसाधनों तक पहुंचना काफी आसान होगा। DIKSHA पोर्टल और मोबाइल ऐप पर Virtual Labs को कक्षा, विषय और अध्याय के हिसाब से खोजा जा सकता है। इसके अलावा NCERT की किताबों में दिए गए संबंधित QR Code को स्कैन करके भी छात्र संबंधित डिजिटल मैटिरियल और Virtual Lab तक पहुंच सकते हैं। CBSE ने अलग-अलग कक्षाओं के लिए भी QR Code उपलब्ध कराए हैं, जिनकी मदद से संबंधित कक्षा के अध्यायों और डिजिटल रिसोर्सेजको आसानी से खोला जा सकता है।
Ask DIKSHA और PAL से भी मिलेगी मदद
DIKSHA प्लेटफॉर्म पर Ask DIKSHA नाम का AI टूल भी उपलब्ध है। इसकी मदद से छात्र और शिक्षक अपनी जरूरत के अनुसार Virtual Labs और दूसरी डिजिटल मैटिरियल खोज सकते हैं। इसके अलावा DIKSHA पर उपलब्ध Personalised Adaptive Learning (PAL) कोर्स के माध्यम से भी Virtual Labs का इस्तेमाल किया जा सकता है।
छात्रों और शिक्षकों के लिए क्यों महत्वपूर्ण हैं ये सुविधाएं?
CBSE के इन दोनों नोटिस का उद्देश्य पढ़ाई और शिक्षण को ज्यादा प्रभावी बनाने से जुड़ा है। एक तरफ NISHTHA के जरिए शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों को नए कौशल सीखने का अवसर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर DIKSHA पर उपलब्ध डिजिटल संसाधनों से छात्रों को पढ़ाई को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिल सकती है।
