सीबीएसई (CBSE) कक्षा 10 के उन छात्रों के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है, जो अपने परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं और आंसर बुकलेट देखना चाहते हैं। बोर्ड ने स्कैन की गई उत्तर पुस्तिका (Scanned Answer Book) प्राप्त करने के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की थी, जिसकी अंतिम तिथि अब 9 अगस्त 2026 है। इसके बाद छात्र इस सुविधा का लाभ नहीं ले सकेंगे। अगर कोई छात्र अपने अंकों का सत्यापन (Verification of Marks) या उत्तरों का पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) कराना चाहता है, तो सबसे पहले उसे अपनी स्कैन की गई उत्तर पुस्तिका प्राप्त करनी होगी। इसके बिना आगे की प्रक्रिया में आवेदन नहीं किया जा सकेगा।
प्रति विषय 300 रुपये देकर मिलेगी Answer Booklet
सीबीएसई ने छात्रों के लिए उत्तर पुस्तिका ऑनलाइन उपलब्ध कराई है। इसके लिए प्रति विषय 300 रुपये का शुल्क तय किया गया है। आवेदन करने के बाद संबंधित विषय की स्कैन की गई उत्तर पुस्तिका छात्र के लॉगिन अकाउंट में उपलब्ध करा दी जाएगी। छात्र इसे देखकर यह समझ सकते हैं कि उनकी कॉपी की जांच किस तरह हुई है और फिर जरूरत होने पर री-इवैल्यूएशन या अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
16 अगस्त से शुरू होगी अगली प्रक्रिया
बोर्ड के अनुसार, उत्तर पुस्तिका प्राप्त करने के बाद ही छात्र री-इवैल्यूएशन या वेरिफिकेशन ऑफ मार्क्स के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए आवेदन विंडो 16 अगस्त 2026 से खोली जाएगी। ऐसे में जिन छात्रों को लगता है कि उनके अंकों में सुधार की संभावना है, उन्हें पहले उत्तर पुस्तिका जरूर डाउनलोड कर लेनी चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ISRO Recruitment 2026: ISRO में नौकरी का सुनहरा मौका, 93 पदों पर होगी भर्ती, जानें किन पदों पर कौन कर सकता है आवेदन
ऐसे डाउनलोड करें स्कैन की गई उत्तर पुस्तिका
उत्तर पुस्तिका प्राप्त करने के लिए छात्र सबसे पहले CBSE के आधिकारिक पोर्टल cbse.it पर जाएं। वहां कक्षा 10 की स्कैन की गई उत्तर पुस्तिका से जुड़े लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और मांगी गई अन्य जानकारी दर्ज करें। फिर जिस विषय की उत्तर पुस्तिका चाहिए, उसका चयन करें और निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्तर पुस्तिका आपके लॉगिन अकाउंट में उपलब्ध हो जाएगी।
दो बार हुई थी बोर्ड परीक्षा
इस वर्ष पहली बार सीबीएसई ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा दो चरणों में आयोजित की थी। मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक हुई थी, जबकि दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 मई से 21 मई 2026 के बीच आयोजित की गई। मुख्य परीक्षा का परिणाम 15 अप्रैल को घोषित किया गया था, वहीं दूसरी परीक्षा का रिजल्ट 16 जुलाई 2026 को जारी किया गया।
मुख्य परीक्षा में कुल पास प्रतिशत 93.70 रहा था। दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद यह बढ़कर 96.78 प्रतिशत पहुंच गया। यही वजह है कि जिन छात्रों ने दूसरी परीक्षा दी और अब भी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए उत्तर पुस्तिका देखने और पुनर्मूल्यांकन का यह अंतिम मौका काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भारत में है कहां छिपा है दिल के आकार का आइलैंड, कम लोगों को है पता
