BPSC Fake Notice: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक नोटिस को पूरी तरह फर्जी बताया है। आयोग ने साफ किया है कि उसके नाम से प्रसारित किया जा रहा यह नोटिस न तो आधिकारिक है और न ही आयोग की ओर से जारी किया गया है। BPSC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि वायरल हो रहा नोटिस पूरी तरह गलत, भ्रामक और झूठा है। ऐसे में अभ्यर्थियों को इस तरह की अफवाहों से सावधान रहने की जरूरत है।
आयोग के मुताबिक, फर्जी नोटिस में 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2026 और आयोग की अन्य प्रस्तावित परीक्षाओं से जुड़ी गलत जानकारी दी जा रही थी। इससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी।
BPSC ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा (BPSC 72nd) से जुड़ी किसी भी सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें। केवल आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भरोसा करें। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों और आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान या अपुष्ट स्रोत से मिली जानकारी पर भरोसा न करें।
BPSC ने कहा है कि परीक्षा, भर्ती, तिथियों और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी जानकारी को ही सही माना जाए। किसी भी फर्जी नोटिस को आगे साझा करने से भी बचें।
72वीं परीक्षा पहले ही हो चुकी है स्थगित
गौरतलब है कि BPSC की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित होनी थी। हालांकि, आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा को 18 जुलाई को जारी एक नोटिस के माध्यम से स्थगित कर दिया था। फिलहाल आयोग ने नई परीक्षा तिथि की घोषणा नहीं की है। ऐसे में उम्मीदवारों को किसी भी नई तारीख या अपडेट के लिए केवल आधिकारिक सूचना का इंतजार करना चाहिए।
कितने पदों पर होगी भर्ती
72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए आयोग ने 6 मई 2026 को भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 1,230 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 मई से 31 मई 2026 तक चली थी। परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले प्रारंभिक परीक्षा होगी, इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा और अंत में इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Bihar DElEd Result 2026: डीएलएड प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी, 73.99% उम्मीदवार हुए सफल
