मुंबई: घाटकोपर इलाके में शुक्रवार की रात एक 25 मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इमारत की 23वीं मंजिल पर लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
यह घटना घाटकोपर पूर्व के पंतनगर इलाके में वल्लभ बाग लेन स्थित कुकरेजा पैलेस इमारत में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दमकल विभाग को रात करीब 8:08 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकलकर्मी, मुंबई पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
आग पर काबू पाने के लिए चलाया गया अभियान
ऊंची इमारत की 23वीं मंजिल पर आग लगने के कारण दमकलकर्मियों के सामने चुनौतीपूर्ण स्थिति थी। राहत कार्य में मुंबई पुलिस, अदाणी इलेक्ट्रिसिटी, लोक निर्माण विभाग (PWD) और स्थानीय प्रशासनिक वार्ड के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। हालांकि, बाद में सामने आई कुछ मीडिया रिपोर्टों में लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है।
एक व्यक्ति झुलसा, पटाखे से आग लगने की आशंका
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में 45 वर्षीय साईनाथ अवाले झुलस गए। उनके शरीर का करीब 27 प्रतिशत हिस्सा आग की चपेट में आया है। उन्हें इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल ले जाने की तैयारी थी। उनकी हालत स्थिर बताई गई। आग लगने की वजह फिलहाल आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि, शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि दिवाली के दौरान छोड़ा गया कोई पटाखा या रॉकेट आग की वजह हो सकता है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
