Polytechnic Course After 10th: 10वीं क्लास की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। बोर्ड परीक्षा के साथ छात्रों में 'कक्षा 10वीं के बाद क्या करें क्या न करें' यह चिंता बनी हुई है। क्योंकि आज के समय में करियर केवल 12वीं या ग्रेजुएशन पर सीमित नहीं है। बल्कि कक्षा 10वीं पास करने वाले छात्रों के पास भी बेहतरीन करियर ऑप्शन हैं। बस उन्हें 10वीं पास करने के बाद किसी प्रोफेशनल कोर्स में प्रवेश प्राप्त कर एक बेहतरीन करियर की दिशा में पहला कदम रख सकते हैं। अगर आपका भी अपने करियर को लेकर यही इरादा है तो पॉलिटेक्निक में डिप्लोमा कोर्स आपके लिए अच्छा ऑप्शन हैं।
पॉलिटेक्निक कोर्स छात्रों को न केवल इंजीनियरिंग क्षेत्र का बुनियादी ज्ञान प्रदान करता है बल्कि उसके साथ उन्हें रोजगार के भी अच्छे अवसर प्रदान करता है। अगर आप भी उन छात्रों में से एक हैं, जिन्हें इंजीनियरिंग में दिलचस्पी है और कक्षा 10वीं के बाद इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कदम रखने की सोच रहे हैं तो पॉलिटेक्निक के यह 5 कोर्स आपके लिए बेस्ट हैं।
कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग
इंटरनेट और डिजिटल के इस युग में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग लोकप्रिय विषयों में से एक है। 10वीं के बाद छात्र पॉलिटेक्निक में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग कोर्स के लिए आवेदन कर सकते है और आईटी सेक्टर में अपनी पहचान बना सकते हैं।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग
मैकेनिकल इंजीनियरिंग इस क्षेत्र के सबसे प्रसिद्ध कोर्सेस में से एक है। इसमें मशीनों की डिजाइनिंग, निर्माण और संचालन पर फोकस होता है। मैकेनिकल इंजीनियर की डिमांड में कभी कमी नहीं आती। उम्मीदवार मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और ऑटोमोबाइल के सेक्टर में नौकरी प्राप्त कर सकते हैं।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग
इलेक्ट्रिक उपकरणों और पावर सिस्टम पर फोकस इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने के बाद छात्र किसी भी पावर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। अच्छी सैलरी के साथ अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं और स्किल डेवलप कर सकते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग
पॉलिटेक्निक में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग कोर्स चिप डिजाइन, कम्युनिकेशन टेकनिक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर फोकस करता है। इस कोर्स को करने के बाद आप इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी के साथ टेलिकॉम कंपनी के लिए भी काम कर सकते हैं।
सिविल इंजीनियरिंग
इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्माण के क्षेत्र में कुछ करना चाहते हैं तो आपके लिए सिविल इंजीनियरिंग का कोर्स बेस्ट है। देश में बनने वाले बांध, सड़के, पुल और इमारतें सिविल इंजीनियरिंग में आती हैं। इसमें विषय की बारीकियों को समझकर आप सरकारी विभाग या प्राइवेट कंपनी में जॉब के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
पॉलिटेक्निक कोर्स के फायदे क्या हैं?
10वीं के बाद पॉलिटेक्निक कोर्स 3 से 4 साल का कोर्स होता है। इस कोर्स को करने के बाद उम्मीदवार लेटरल एंट्री के माध्यम से बीटेक के दूसरे साल में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं और आगे एडवांस लेवल पर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर सकते हैं। पॉलिटेक्निक में आपको इंजीनियरिंग का बुनियादी ज्ञान मिलता है। इसमें न केवल छात्र की नॉलेज बढ़ती है, बल्कि उसे प्रैक्टिकल ज्ञान भी मिलता है, जो करियर के लिए लाभकारी है।
