ग्रेटर नोएडा स्थित बेनेट यूनिवर्सिटी में नए स्नातक छात्रों के स्वागत के लिए 12 अगस्त 2026 को दीक्षारंभ 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस खास मौके पर भारतीय वायुसेना के अधिकारी और इसरो के गगनयात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के जर्मन हैंगर (एन ब्लॉक) में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान शुभांशु शुक्ला नए छात्रों से संवाद करेंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे। वह छात्रों को अपने सफर, भारतीय मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम और वायुसेना में अपने करियर से जुड़े अनुभवों के बारे में बताएंगे। उनका संबोधन छात्रों को अनुशासन, जिज्ञासा, मेहनत और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगा। दीक्षारंभ कार्यक्रम नए छात्रों के लिए विश्वविद्यालय में उनके शैक्षणिक सफर की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक होगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, विशेष अतिथि और नए छात्र शामिल होंगे।
खेल और मीडिया जगत से भी खास मेहमान
शुभांशु शुक्ला के अलावा कार्यक्रम में दो विशेष अतिथि भी छात्रों को संबोधित करेंगे। खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित रोनजन सोढ़ी छात्रों से लक्ष्य हासिल करने के लिए फोकस और लगातार मेहनत के महत्व पर बात करेंगे। वहीं, टाइम्स नाउ नवभारत की सीनियर एग्जीक्यूटिव एडिटर और वाइस प्रेसिडेंट-स्पेशल प्रोजेक्ट्स रुबिका लियाकत छात्रों के साथ संवाद करेंगी। वह कम्युनिकेशन, मीडिया और कॉलेज के बाद की दुनिया में आगे बढ़ने से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगी।
बेनेट यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. राज सिंह ने शुभांशु शुक्ला के कार्यक्रम में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि एक गगनयात्री के रूप में शुभांशु शुक्ला की यात्रा छात्रों को यह सिखाती है कि अनुशासन, जिज्ञासा और दृढ़ता के जरिए बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनका कहना है कि बेनेट यूनिवर्सिटी के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि 'दीक्षारंभ' समारोह में हमारे मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के गगनयात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला शामिल हो रहे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
दीक्षारंभ की शुरुआत पारंपरिक गणेश वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। इसके बाद अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। विश्वविद्यालय के छात्र संगठन रिवाज की ओर से शास्त्रीय नृत्य और पैनाशे की ओर से फैशन प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन होगा। इसके बाद नए छात्रों के लिए सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। बेनेट यूनिवर्सिटी का दीक्षारंभ उसका प्रमुख ओरिएंटेशन कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य नए छात्रों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल, मूल्यों और कैंपस जीवन से परिचित कराना और स्कूल से उच्च शिक्षा की नई यात्रा में उन्हें सहज तरीके से आगे बढ़ने में मदद करना है।
