Delhi School Open News: दिल्ली में इस दिन से फिर खुलने जा रहे हैं स्कूल, कॉलेज व दफ्तर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 24, 2021, 02:54 PM IST

Delhi School Reopening News: दिल्ली में स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान 29 नवंबर से फिर से खुलेंगे, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने इस बारे में घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में अब सुधार हो रहा है...

Delhi School Open News: दिल्ली में इस दिन से फिर खुलने जा रहे हैं स्कूल, कॉलेज व दफ्तर

Delhi School Open News: दिल्ली में स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान 29 नवंबर से फिर से खुलेंगे, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने इस बारे में घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में अब सुधार हो रहा है। बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण, राष्ट्रीय राजधानी ने कुछ दिन के लिए स्कूल, शैक्षणिक संस्थान और कार्यालय बंद कर दिए थे, लेकिन बीते कुछ दिनों से लगातार राज्य की स्थिति (वायु प्रदूषण के मामले में) में सुधार हो रहा है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 24 नवंबर की सुबह 280 (कुल मिलाकर) दर्ज किया गया।

यह फैसला तब आया जब राजधानी में 140 अभिभावकों के एक समूह द्वारा उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखकर स्कूलों को फिर से खोलने की मांग की। बता दें बिगड़ती वायु गुणवत्ता के कारण शैक्षणिक संस्थान व दफ्तर बंद हो गए थे। पत्र में, माता-पिता ने कहा कि COVID-19 के कारण स्कूल पहले से ही लंबी अवधि के लिए बंद थे और अब AQI में सुधार भी हो रहा है।

एक्यूआई 100 से ऊपर हो, तो क्या?

जब एक्यूआई मानक 100 से ऊपर होता है, तो वायु गुणवत्ता को अस्वस्थ माना जाता है, जबकि एक्यूआई मान 100 और उससे कम को आमतौर पर संतोषजनक माना जाता है।

15 नवंबर से बंद थे शैक्षणिक संस्थान

वायु प्रदूषण के 'गंभीर' स्तर के कारण दिल्ली में 15 नवंबर से स्कूल बंद हैं। शिक्षा निदेशालय ने पहले घोषणा की थी कि अगले आदेश तक स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने को कहा गया था।

दिल्ली ही नहीं, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में भी पिछले सप्ताह वायु प्रदूषण के स्तर के बिगड़ने के कारण स्कूल बंद कर दिए गए थे। हरियाणा सरकार ने जुलाई में 6 से 12 के छात्रों के लिए, कक्षा 4 और 5 के छात्रों के लिए 1 सितंबर को और कक्षा 1 से 3 तक के छात्रों के लिए 20 सितंबर से शारीरिक कक्षाएं फिर से खोल दी थीं।

सार्वजनिक परिवहन का करें इस्तेमाल

इस दौरान गोपाल राय ने अपने कर्मचारियों को आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है। ऐसा इसलिए कहा गया ताकि कम से कम वाहन सड़क  पर रहें और फिर से वायु गुणवत्ता खराब न हो। गोपाल राय ने यह भी कहा है कि जिन इलाकों में दिल्ली सरकार के कर्मचारियों की संख्या ज्यादा है वहां विशेष बस सेवाएं शुरू की जाएं।

ध्यान रहे, 26 नवंबर तक स्कूल बंद हैं और इस दिन तक सरकारी कर्मचारी वर्क फ्राम होम कर सकेंगे।

End of Article