UGC message to Universities: यूनिवर्सिटी अनुदान आयोग (यूजीसी) ने विश्वविद्यालयों से सीयूईटी पीजी परिणामों से पहले प्रवेश के समय पर संचालन के लिए तैयार रहने का आग्रह किया है। CUET PG 2022 का परिणाम 26 सितंबर को शाम 4 बजे तक घोषित किया जाएगा। यूजीसी की ओर से वित्त पोषित केंद्रीय विश्वविद्यालयों और राज्य, निजी, डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2022-2023 के लिए पीजी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए एनटीए की ओर से सीयूईटी पीजी 2022 परीक्षा आयोजित की गई थी।
यूजीसी की आधिकारिक नोटिफिकेशन में कहा गया है, 'CUET PG 2022 के परिणाम राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की ओर से कल, 26 सितंबर को शाम 4 बजे तक घोषित किए जाने की उम्मीद है। इसलिए आपसे अनुरोध है कि वेबसाइट और वेब पोर्टल सहित प्रवेश के लिए आवश्यक तैयारी करें, ताकि सीयूईटी स्कोर के आधार पर पीजी प्रवेश प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।'
CUET-PG के लिए कुल 3.6 लाख आवेदकों ने नामांकन किया था, जिसमें 1.8 लाख से अधिक पुरुष और 1.7 लाख महिलाएं थीं। परीक्षा के लिए 55 प्रतिशत से अधिक छात्र उपस्थित थे।
CUET PG फाइनल आंसर की बीते 24 सितंबर, 2022 को जारी की गई थी। जो उम्मीदवार CUET PG परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे, वे अब अंतिम कुंजी डाउनलोड कर सकते हैं। परिणाम जारी होने के बाद, परिणाम लिंक और परिणाम की जांच करने के स्टेप्स अपडेट किए जाएंगे अधिक जानकारी के लिए, उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।

