Delhi Crime News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF - 2026) में आने वाले दर्शकों को निशाना बनाने वाले एक शातिर ठग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नई दिल्ली जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टिकट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने न सिर्फ एक महिला से पैसे ठगे, बल्कि QR कोड के जरिए उनके महंगे iPhone को भी सिंक करके हैक कर लिया, जिससे मोबाइल का एक्सेस बाधित हो गया था।
गेट नंबर-4 के पास दिया वारदात को अंजाम
घटना 15 नवंबर 2026 की है। एक महिला ट्रेड फेयर घूमने के लिए प्रगति मैदान पहुंची थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे वह मेले के गेट नंबर-4 के पास आधिकारिक ऐप के जरिए ऑनलाइन टिकट खरीदने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचा और उन्हें 400 रुपये में आसानी से टिकट उपलब्ध कराने का झांसा दिया। आरोपी ने महिला को स्कैन करने के लिए एक QR कोड दिया। जैसे ही महिला ने उसे स्कैन किया, उनके खाते से 1200 रुपये कट गए। इसके तुरंत बाद महिला का आईफोन अपने आप सिंक होने लगा और वह फोन को ऑपरेट नहीं कर पा रही थीं। कुछ ही देर में मोबाइल पर फेल्ड लॉगइन अटेम्प्ट का नोटिफिकेशन भी आ गया, जिससे महिला को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत मौके पर शोर मचाया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर दबोचा
महिला की शिकायत मिलते ही मौके पर मुस्तैद पुलिस टीम हरकत में आ गई। इंस्पेक्टर जितेंद्र डागर ने तत्परता दिखाते हुए शिकायतकर्ता की निशानदेही पर आरोपी को मौके से ही धर दबोचा। प्रगति मैदान स्थित IITF थाने में इस संबंध में FIR दर्ज की गई है। आरोपी पर BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद फैसल (38), पुत्र हबीबुर रहमान, निवासी मौजपुर (उत्तर-पूर्वी दिल्ली) के रूप में हुई है।
कबाड़ी का काम करता है आरोपी, पहले भी दर्ज है केस
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। फैसल ने बताया कि वह मूल रूप से कबाड़ी का काम करता है, लेकिन इसके साथ ही वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दिल्ली के बड़े आयोजनों में फर्जी तरीके से टिकट बेचने के अवैध धंधे में शामिल था। उसका साथी अलग-अलग आयोजनों के टिकटों का इंतजाम करता था। दोनों मिलकर उन लोगों को निशाना बनाते थे जिन्हें आधिकारिक माध्यमों से टिकट लेने में परेशानी होती थी। कई बार पैसे लेने के बाद भी वे लोगों को टिकट नहीं देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहम्मद फैसल पहले भी इस तरह के अपराधों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ इसी साल 9 मई 2026 को क्राइम ब्रांच थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जा चुका है।
