बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) आज यानी 7 जून को ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE 21) आयोजित करने जा रहा है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए परिषद ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और सभी नियमों का पालन करें। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों के पास AIBE 21 का प्रिंटेड एडमिट कार्ड और सरकार द्वारा जारी वैध फोटो पहचान पत्र होना अनिवार्य है। इन दस्तावेजों के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी।
BCI के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 11:30 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। दोपहर 1:15 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा दोपहर 1 बजे से शुरू होकर 4 बजे तक चलेगी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को बिना नोट्स और टिप्पणियों वाले Bare Acts साथ ले जाने की अनुमति दी गई है। BCI ने स्पष्ट किया है कि केवल Bare Acts ही परीक्षा कक्ष में ले जाए जा सकते हैं, जबकि अन्य अध्ययन सामग्री प्रतिबंधित रहेगी।
ड्रेस कोड को लेकर क्या है नियम
ड्रेस कोड को लेकर भी BCI ने उम्मीदवारों को सादे और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी है। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अनुचित सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
किन सामान पर रहेगी पाबंदी
मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, बैग, नोट्स, किताबें और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
AIBE परीक्षा क्या है
आपको बता दें कि AIBE कानून स्नातकों के लिए एक अनिवार्य योग्यता परीक्षा है। इसे पास करने के बाद ही अभ्यर्थियों को ‘सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस’ (CoP) प्राप्त होता है, जिसके आधार पर वे देश की अदालतों में वकालत कर सकते हैं।
