पोलैंड के क्राकोव शहर में शनिवार दोपहर गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक बंदूकधारी ने बाजार चौक के पास अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने गाड़ी चलाते हुए सड़क पर मौजूद लोगों को निशाना बनाया। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
बाजार चौक के पास लोगों पर चलाईं गोलियां
पुलिस के अनुसार, हमलावर ने क्राकोव के मेन स्क्वायर के पास गाड़ी से गुजरते हुए अचानक लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसने बिना किसी खास निशाने के वहां मौजूद लोगों को निशाना बनाया। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावर को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और हमलावर के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी को गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिसकर्मी भी हुए घायल
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में कई आम नागरिकों के अलावा पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, अभी तक उनकी स्थिति और हमले के पीछे की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने दी प्रतिक्रिया
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हमलावर की पहचान और गोलीबारी के पीछे की मंशा को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
